पार्किंग में खड़ी CNG कार में भीषण विस्फोट, 200 मीटर दूर तक बिखरे टुकड़े, 4 घायल

पार्किंग में खड़ी CNG कार में भीषण विस्फोट, 200 मीटर दूर तक बिखरे टुकड़े, 4 घायल

प्रेषित समय :19:43:16 PM / Thu, Nov 5th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

वडोदरा. गुजरात के वडोदरा में एक खड़ी कार में आग लगने के बाद हुए जोरदार विस्फोट से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. नवायार्ड इलाके की रामवाड़ी में 4 नवंबर की देर रात पार्किंग में खड़ी एक कार अचानक आग की लपटों में घिर गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और इसके बाद कार में लगा CNG सिलेंडर धमाके के साथ फट गया. विस्फोट इतना तेज था कि कार के लोहे के टुकड़े करीब 200 मीटर दूर तक जा गिरे. हादसे में चार लोग घायल हो गए.

धमाके से कार के परखच्चे उड़े, तीसरी मंजिल तक पहुंचे टुकड़े

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीपी-13 टीम मौके के लिए रवाना हुई. हालांकि, दमकलकर्मियों के पहुंचने से पहले ही कार में जोरदार विस्फोट हो गया. धमाके के कारण कार के कई हिस्से उछलकर आसपास के मकानों और दूर स्थित जगहों तक जा पहुंचे. कुछ टुकड़े तो तीसरी मंजिल तक पहुंच गए.

विस्फोट की चपेट में आने से उषाबेन, दीपिकाबेन और वीनाबेन समेत चार लोग घायल हुए. एक महिला के हाथ में कार की बॉडी का लोहे का टुकड़ा घुस गया, जबकि एक अन्य व्यक्ति के पैर में चोट आई. सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया.

धमाके में दिव्यांग व्यक्ति का कियोस्क भी क्षतिग्रस्त

कार में हुए विस्फोट का असर आसपास की दुकानों और घरों पर भी पड़ा. धमाके की चपेट में आकर एक दिव्यांग व्यक्ति का कियोस्क क्षतिग्रस्त हो गया. आग में कियोस्क के अंदर रखी तीन साइकिलें, कुर्सियां, स्नैक्स, चॉकलेट और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए.

कार के धातु के टुकड़े आसपास के इलाके में दूर-दूर तक बिखर गए. धमाके की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जमा हो गए.

आग देखने निकली महिला भी हुई घायल

प्रत्यक्षदर्शी उषाबेन के मुताबिक, वह कार में लगी आग देखने के लिए घर से बाहर आई थीं. इसी दौरान एक युवक कार को हटाने की कोशिश कर रहा था. तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ और कार के उड़ते हुए लोहे के टुकड़े आसपास मौजूद लोगों को लग गए.

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. पुलिस अब कार में आग लगने के कारणों और CNG सिलेंडर में हुए विस्फोट की परिस्थितियों की जांच कर रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-