जबलपुर. एमपी के जबलपुर स्थित बेलखेड़ा में पुरानी रंजिश के चलते मौसेरे भाई ने कार से कुचलकर युवक और युवती की हत्या कर दी. इस खौफनाक हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग दहशत में हैं.
पुलिस के अनुसार पाटन के उडऩा निवासी प्रशांत लोधी अपने साथी हेमराज के साथ किसी काम से बेलखेड़ा आया था. यहां सड़क किनारे वह अपनी एक परिचित युवती जागृति के साथ खड़ा होकर बातचीत कर रहा था. अचानक मौत बनकर आई एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें संभलने का मौका तक नहीं दिया. आरोप है कि प्रशांत के ही मौसेरे भाई ने पुरानी रंजिश के चलते जानबूझकर अपनी गाड़ी पूरी रफ्तार से दोनों के ऊपर चढ़ा दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रशांत और जागृति दोनों हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे और बुरी तरह खून से लथपथ होकर तड़पने लगे.
नंबर प्लेट पर पुती थी मिट्टी-
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शातिरराना अंदाज में अपनी पहचान छिपाने की पूरी कोशिश की. चर्चा है कि जिस कार से इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया, उसकी नंबर प्लेट पर जानबूझकर मिट्टी पोती गई थी ताकि कोई वाहन का नंबर न पढ़ सके. हालांकि, घटना की जानकारी मिलते ही बेलखेड़ा थाना पुलिस तुरंत हरकत में आ गई और पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वारदात में इस्तेमाल की गई संदिग्ध द्ब20 कार को बरामद कर लिया है.
अस्पताल पहुंचते ही तोड़ा दम-
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों गंभीर रूप से घायलों को तुरंत शहपुरा अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया. अस्पताल पहुंचते ही दोनों के परिवारों में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला पूरी तरह से पुरानी रंजिश और आपसी पारिवारिक विवाद का प्रतीत हो रहा है. कार को जब्त कर लिया गया है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

