बेंगलुरु. कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में पारिवारिक विवाद को लेकर सामूहिक हत्याकांड का मामला सामने आया है. एक कैब ड्राइवर पर अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष के पांच अन्य सदस्यों की हत्या करने का आरोप है. मृतकों में सात साल का एक बच्चा भी शामिल है. आरोपी की पहचान इंदुशेखर के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच करीब 20 साल से विवाद चल रहा था. इसी रंजिश के चलते आरोपी ने कथित तौर पर दो दिनों के भीतर छह लोगों की हत्या कर दी.
20 साल से चल रहा था वैवाहिक विवाद
पुलिस के अनुसार, आरोपी इंदुशेखर बेंगलुरु के राजाजीनगर इलाके में बशम सर्किल के पास रहता था और कैब चलाता था. करीब 20 साल पहले उसकी शादी सुनीता से हुई थी. शादी के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. आरोपी को संदेह था कि पत्नी के परिजन उनके घरेलू मामलों में हस्तक्षेप करते हैं और सुनीता को उसके खिलाफ भड़काते हैं. इसी नाराजगी में उसने कथित तौर पर पूरे परिवार को निशाना बनाने की योजना बनाई.पुलिस का कहना है कि आरोपी ने सबसे पहले अपनी पत्नी सुनीता की हत्या की और उसका शव नंदी हिल्स के पास फेंक दिया.
पार्टी के बहाने सालों को घर बुलाया
पत्नी की हत्या के बाद आरोपी ने अपने दोनों सालों शिवकुमार और शंकर को पार्टी के बहाने घर बुलाया. उन्हें बताया गया कि सुनीता बाहर गई हुई है. इसके बाद दोनों की हत्या कर दी गई. आरोपी ने अपनी सास रूपावती और परिवार की दो अन्य महिलाओं दिव्या व नलिनी को भी अलग-अलग बहानों से घर बुलाया और उनकी हत्या कर दी. इस वारदात में शिवकुमार का सात वर्षीय बेटा पुनीत भी मारा गया.
सिलबट्टे से हत्या, खून के निशान मिटाने की कोशिश
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के लिए घर में रखे भारी ग्राइंडिंग स्टोन (सिलबट्टे) का इस्तेमाल किया. हत्याओं के बाद उसने घर की सफाई कर खून के निशान मिटाने की कोशिश की. हत्या में इस्तेमाल किए गए पत्थर को भी केमिकल से साफ किया गया. इसके बाद आरोपी ने शवों को अपनी कार में रखा और बेंगलुरु से करीब 60 किलोमीटर दूर चिक्कबल्लापुर जिले के नंदी हिल्स क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया.
परिजनों की गुमशुदगी से खुला मामला
परिवार के छह सदस्यों के अचानक लापता होने पर एक रिश्तेदार ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. जांच के दौरान पुलिस को इंदुशेखर पर संदेह हुआ. कॉल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उससे पूछताछ की गई. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर हत्याओं की बात स्वीकार की. इसके बाद पुलिस ने नंदी हिल्स क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया, जहां सात वर्षीय पुनीत का शव बरामद किया गया. पुलिस अन्य शवों की तलाश करने के साथ ही वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाने में लगी है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

