इस्लामाबाद. पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में पाकपट्टन के पास यात्री बस और ट्रक के बीच हुई भीषण टक्कर में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 33 अन्य घायल हो गए. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. राहत एवं बचाव दल ने करीब तीन घंटे तक अभियान चलाकर वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला.
पाकिस्तान के अखबार 'डॉन' के अनुसार, आपातकालीन सेवा 'रेस्क्यू 1122' ने हादसे में 11 लोगों की मौत की पुष्टि की है. घायलों में आठ लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि 25 अन्य को पाकपट्टन के अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जिला प्रशासन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, हादसा दीपालपुर रोड पर उस समय हुआ, जब मुल्तान से कसूर जा रही एक यात्री बस की सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई लोग वाहनों में फंस गए. सूचना मिलने पर पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे. बचावकर्मियों ने क्रेन और भारी मशीनों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला. करीब तीन घंटे तक राहत एवं बचाव कार्य जारी रहा.
अक्टूबर में 44 हजार से अधिक सड़क हादसे
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में अक्टूबर के दौरान 44,797 सड़क हादसे दर्ज किए गए. इनमें 464 लोगों की मौत हुई, जबकि 23,543 लोग गंभीर रूप से घायल हुए. इन हादसों में करीब तीन-चौथाई मामलों में मोटरसाइकिलें शामिल थीं.
ये आंकड़े 'रेस्क्यू 1122' के जिला स्तरीय आपातकालीन कार्यों की मासिक समीक्षा के दौरान सामने आए. 'द एक्सप्रेस ट्रिब्यून' की रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर में बचाव दलों ने कुल 2,31,056 आपातकालीन मामलों में कार्रवाई की और 2,33,210 लोगों को बचाया. इनमें सड़क दुर्घटनाओं के अलावा आग लगने, चिकित्सा आपातकाल, डूबने और अन्य घटनाओं से जुड़े मामले शामिल थे. इस दौरान आग लगने की 1,726 और डूबने की 94 घटनाएं भी दर्ज की गईं.
लाहौर में सबसे ज्यादा सड़क हादसे
आंकड़ों के अनुसार, पंजाब प्रांत में सबसे अधिक सड़क हादसे लाहौर में दर्ज किए गए, जहां 7,874 दुर्घटनाओं में मोटरसाइकिलें शामिल थीं. मुल्तान में मोटरसाइकिलों से जुड़े 2,838, फैसलाबाद में 2,615 और गुजरांवाला में 2,092 हादसे दर्ज किए गए. वहीं, शेखूपुरा में 1,714 और तौंसा शरीफ में 142 सड़क दुर्घटनाओं में मोटरसाइकिलें शामिल रहीं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

