मुंबई. बॉलीवुड सितारों को लगातार मिल रही फिरौती और धमकियों के बीच अब महानायक अमिताभ बच्चन का मुंबई स्थित बंगला ‘जलसा’ भी धमकी देने वालों के निशाने पर है. बॉम्बे हाईकोर्ट को भेजे गए एक धमकी भरे ईमेल में अमिताभ बच्चन के बंगले को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. ईमेल में बॉम्बे हाईकोर्ट, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) और वर्ली रेसकोर्स को भी निशाना बनाने की बात कही गई है.
धमकी की जानकारी मिलते ही मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं. पुलिस ने संबंधित स्थानों की सुरक्षा बढ़ाने के साथ ईमेल की जांच शुरू कर दी है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमकी भरा ईमेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे किसका हाथ है. फिलहाल मामले में अन्य विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.
महाराष्ट्र की कई अदालतों को भी मिली थी धमकी
इससे पहले सोमवार, 2 नवंबर को महाराष्ट्र की कई जिला एवं सत्र अदालतों को भी बम धमाके की धमकी भरे ईमेल मिले थे. इन ईमेल में अदालत परिसरों को निशाना बनाने की बात कही गई थी. सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं. बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (बीडीएस) ने संबंधित अदालत परिसरों में पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया. अधिकारियों के मुताबिक, सभी स्थानों की गहन जांच की गई, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला. पुलिस इन धमकी भरे ईमेल की भी जांच कर रही है.
आयुष्मान और तुषार कपूर से मांगी गई थी करोड़ों की रंगदारी
इससे पहले अभिनेता आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर को भी कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकियां मिली थीं. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आयुष्मान खुराना को ऑडियो संदेश भेजकर करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगी गई थी. वहीं, तुषार कपूर को फोन कर 5 करोड़ रुपये देने की मांग की गई थी. फोन करने वाले ने अपनी पहचान गैंग के सदस्य हैरी बॉक्सर के रूप में बताई थी. हालांकि, क्राइम ब्रांच को तुषार कपूर के मामले में फर्जी धमकी होने का संदेह है. दोनों मामलों की जांच जारी है. आयुष्मान खुराना के मामले में फिलहाल एफआईआर दर्ज नहीं हुई है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


