UP- उन्नाव में दामाद के साथ घर छोड़कर गई सास, जमीन में गड़े पुश्तैनी जेवर ले जाने का भी आरोप

UP- उन्नाव में दामाद के साथ घर छोड़कर गई सास, जमीन में गड़े पुश्तैनी जेवर ले जाने का भी आरोप

प्रेषित समय :16:04:52 PM / Fri, Nov 6th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

उन्नाव. उत्तर प्रदेश के उन्नाव में एक हैरान करने वाला पारिवारिक मामला सामने आया है. यहां एक महिला पर अपने बीमार पति को घर पर अकेला छोड़कर कथित तौर पर दामाद के साथ चले जाने का आरोप है. बेटे का दावा है कि महिला घर से जाते समय जमीन में गाड़कर रखे गए पुश्तैनी जेवर भी निकालकर ले गई. इनमें करीब दो किलो चांदी और 80 ग्राम सोने के आभूषण शामिल हैं. मामले में बेटे ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर मां और बहनोई के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

मामला अजगैन थाना क्षेत्र के एक गांव का है. बेटे ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि करीब 15 साल पहले उसकी बहन राजकुमारी की हत्या उसके पति ने कर दी थी. आरोप है कि उस समय बच्चों के भविष्य को देखते हुए मां ने मामले में मुकदमा दर्ज नहीं कराया था. इसके बाद मां और बहनोई के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं. परिवार के विरोध और बीमार पति की आपत्ति के बावजूद दोनों का मिलना-जुलना जारी रहा.

नाती के नाम की जमीन, फिर अचानक हुई लापता

शिकायत के मुताबिक, महिला ने 14 सितंबर को 10 बिस्वा जमीन अपने नाती के नाम कर दी थी. इसके बाद 2 नवंबर को वह अचानक घर से लापता हो गई. बेटे का आरोप है कि घर छोड़ने से पहले महिला ने कोठरी में जमीन के नीचे दबाकर रखे पुश्तैनी जेवर भी निकाल लिए. इनमें करीब दो किलो चांदी और 80 ग्राम सोने के आभूषण बताए गए हैं.

बीमार पति को अकेला छोड़ने का आरोप

बेटे के मुताबिक, उसके पिता की तबीयत ठीक नहीं रहती. वह पहले गांव में चौकीदारी का काम करते थे. मां के अचानक घर छोड़कर चले जाने के बाद पिता अकेले रह गए हैं. परिवार का आरोप है कि महिला ने पति की बीमारी और आपत्ति के बावजूद घर छोड़ने का फैसला किया.

थाने में सुनवाई नहीं होने पर एसपी से शिकायत

बेटे का कहना है कि उसने पहले अजगैन थाने में शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह को शिकायती पत्र देकर मां और बहनोई के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग की. एसपी ने मामले की जांच कराकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-