गाजियाबाद. उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में शुक्रवार देर रात इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी में जोरदार धमाका हुआ. विस्फोट से चौकी की खिड़कियों के शीशे टूट गए और दीवारों में दरारें आ गईं. कांच के टुकड़े लगने से एक डिलीवरी बॉय घायल हो गया. घटना के समय चौकी में एक सब-इंस्पेक्टर भी मौजूद थे. उधर, सोशल मीडिया पर तहरीक-उल-मुजाहिदीन नामक संगठन की ओर से धमाके की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है. हालांकि, पुलिस ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है और विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है.
धमाके की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के समय चौकी में एक सब-इंस्पेक्टर मौजूद थे. इसी दौरान सामान पहुंचाने आया एक डिलीवरी बॉय भी वहां था. विस्फोट में कांच के टुकड़े लगने से वह घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) की टीम भी जांच में जुट गई है. टीम ने इंदिरापुरम थाने पहुंचकर अधिकारियों से जानकारी जुटाई. चौकी के भीतर हुए विस्फोट और सोशल मीडिया पर सामने आए जिम्मेदारी के दावे को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं.
इंदिरापुरम के एसीपी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि धमाके का वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर विस्फोट की प्रकृति और वजह का पता लगा रही है. सोशल मीडिया पर तहरीक-उल-मुजाहिदीन की ओर से जिम्मेदारी लेने संबंधी पोस्ट की प्रामाणिकता भी जांची जा रही है. अभी यह स्पष्ट नहीं है कि धमाका किसी तकनीकी खराबी या अन्य कारण से हुआ अथवा इसके पीछे कोई साजिश है. सुरक्षा एजेंसियां मामले की हर कड़ी की जांच कर रही हैं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

