अयोध्या में 30 लाख दीपों से बनेगा विश्व रिकॉर्ड, 56 घाटों पर दीपोत्सव की तैयारी पूरी

अयोध्या में 30 लाख दीपों से बनेगा विश्व रिकॉर्ड, 56 घाटों पर दीपोत्सव की तैयारी पूरी

प्रेषित समय :13:30:38 PM / Sat, Nov 7th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

अयोध्या. रामनगरी अयोध्या में 10वें दीपोत्सव की तैयारियां पूरी हो गई हैं. राम की पैड़ी सहित सरयू तट के 56 घाटों पर 30 लाख से अधिक दीप सजाए गए हैं. डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के करीब 35 हजार स्वयंसेवकों ने तीन दिनों की मेहनत के बाद दीप सज्जा का कार्य पूरा किया. शनिवार शाम उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में इन दीपों को एक साथ प्रज्ज्वलित किया जाएगा. इस आयोजन के जरिए अयोध्या एक बार फिर दीप प्रज्ज्वलन का नया विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में है. पहली बार देश के उपराष्ट्रपति दीपोत्सव में शामिल होंगे.

पुष्पक विमान के प्रतीक हेलीकॉप्टर से पहुंचेगा राम दरबार

दीपोत्सव के दौरान अयोध्या में त्रेतायुग के प्रसंगों को जीवंत किया जाएगा. दोपहर में पुष्पक विमान के प्रतीक विशेष हेलीकॉप्टर से भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के स्वरूप अयोध्या पहुंचेंगे. राज्यपाल और मुख्यमंत्री संतों व मंत्रियों के साथ उनकी अगवानी करेंगे. इसके बाद भरत मिलाप का प्रसंग होगा और पुष्पवर्षा के बीच शोभायात्रा रामकथा पार्क पहुंचेगी. यहां महर्षि वशिष्ठ की ओर से किए गए प्रथम राजतिलक की परंपरा के अनुरूप उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भगवान श्रीराम का राजतिलक करेंगे.इससे पहले साकेत महाविद्यालय से रामराज्याभिषेक शोभायात्रा निकाली गई. इसमें करीब 2500 कलाकारों ने रथों, झांकियों और घुड़सवारों के माध्यम से त्रेतायुगीन प्रसंगों का प्रदर्शन किया.

राम मंदिर परिसर में जलेंगे एक लाख दीप

राम जन्मभूमि परिसर में भी दीपोत्सव की विशेष तैयारियां की गई हैं. मंदिर ट्रस्ट के महासचिव गोविंद देव गिरि के अनुसार, पूरे परिसर को पांच सेक्टरों में बांटकर 1500 मंदिर कर्मचारियों को व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी दी गई है. परिसर में एक लाख दीप जलाए जाएंगे, जो शनिवार के साथ दीपावली पर रविवार को भी प्रज्ज्वलित रहेंगे. मुख्य मंदिर के अलावा सभी 18 उप-मंदिरों को भी दीपों से सजाया गया है. राम मंदिर को विशेष फसाड लाइटों से रोशन किया गया है. इस अवसर पर रामलला को छप्पन भोग और विशेष प्रसाद अर्पित किया जाएगा.

2100 ड्रोन से होगा शो, 50 डिजिटल स्तंभों पर दिखेंगे रामायण के प्रसंग

‘नव भारत की नई अयोध्या’ थीम पर आयोजित दीपोत्सव में आधुनिक तकनीक और संस्कृति का संगम देखने को मिलेगा. धर्मपथ पर राष्ट्रीय राजमार्ग से प्रवेश द्वार तक 12-12 फीट ऊंचे 50 डिजिटल स्तंभ लगाए गए हैं. इन पर रामायण के प्रसंगों का डिजिटल प्रदर्शन किया जा रहा है. शहर में 17 सांस्कृतिक मंचों पर देश-विदेश के कलाकार प्रस्तुतियां दे रहे हैं. तीन देशों की रामलीला का मंचन भी आकर्षण का हिस्सा है. शाम को सरयू तट पर 2147 श्रद्धालु एक साथ महाआरती करेंगे. इसके बाद राम की पैड़ी पर लेजर शो, प्रोजेक्शन मैपिंग और 2100 ड्रोन के जरिए विशेष शो आयोजित होगा. इको-फ्रेंडली ग्रीन आतिशबाजी भी कार्यक्रम का हिस्सा रहेगी.

विदेशी पर्यटक पहुंचे, वीआईपी मेहमानों के लिए 80 गोल्फकार्ट तैनात

दीपोत्सव देखने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों के अलावा अर्जेंटीना सहित कई देशों से पर्यटक अयोध्या पहुंचे हैं. सरयू के घाटों पर दीपों और रंगोलियों से रामायण के प्रसंगों की आकर्षक आकृतियां बनाई गई हैं. शहर में रामधुन से उत्सव का माहौल बना हुआ है. विशिष्ट अतिथियों और वीआईपी मेहमानों की आवाजाही के लिए एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थलों तक 80 गोल्फकार्ट, 10 ट्रैवलर और 20 लग्जरी एसी बसें तैनात की गई हैं. सुरक्षा के मद्देनजर घाटों पर तैनात स्वयंसेवकों को सूती कपड़े पहनने, सिंथेटिक वस्त्रों से बचने और ज्वलनशील पदार्थों से सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-