रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में साइबर अपराधियों ने क्रेडिट कार्ड के जरिए बड़ी धोखाधड़ी को अंजाम दिया है. नवा रायपुर में पशु चिकित्सा विभाग में पदस्थ एक कर्मचारी के एसबीआई क्रेडिट कार्ड से महज 39 मिनट के भीतर पांच बार ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर 1 लाख 96 हजार 286 रुपये निकाल लिए गए. पीड़ित के मुताबिक, उसने न तो कोई ऑनलाइन खरीदारी की और न ही इन भुगतानों की अनुमति दी थी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
सेक्टर-27 में रहने वाले कर्मचारी को बनाया निशाना
यह मामला राखी थाना क्षेत्र के नवा रायपुर स्थित सेक्टर-27 का है. यहां रहने वाले पावेश कंवर (28) इंद्रावती भवन स्थित संचालनालय पशु चिकित्सा सेवाएं में सहायक ग्रेड-2 के पद पर कार्यरत हैं. उनके एसबीआई क्रेडिट कार्ड से 28 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 5:20 बजे से 5:59 बजे के बीच लगातार पांच संदिग्ध लेनदेन किए गए.
पांच ट्रांजेक्शन में खाते से पार हुई रकम
जानकारी के अनुसार, साइबर ठगों ने अलग-अलग किस्तों में क्रेडिट कार्ड से पैसे निकाले. शुरुआती ट्रांजेक्शन 6 हजार रुपये का था. इसके बाद 41,049 रुपये, 37,309 रुपये, 37,309 रुपये और अंत में 74,619 रुपये का भुगतान किया गया.
इस तरह कुल 1,96,286 रुपये की रकम निकाल ली गई. सबसे अधिक 74,619 रुपये का ट्रांजेक्शन किया गया. महज 39 मिनट में पांच बार हुए इन लेनदेन से पीड़ित को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ.
OTP के बिना ट्रांजेक्शन होने से बढ़ी चिंता
पीड़ित का कहना है कि उसने इन पांचों भुगतानों में से किसी को भी अधिकृत नहीं किया था. उसके अनुसार, ट्रांजेक्शन के दौरान उसे OTP या किसी अन्य अनुमति की जानकारी नहीं मिली. जब तक उसे संदिग्ध लेनदेन का पता चला, तब तक पूरी रकम निकाली जा चुकी थी.
ऐसे मामलों में कार्ड की जानकारी फिशिंग, संदिग्ध वेबसाइट या डेटा चोरी के जरिए अपराधियों तक पहुंचने की आशंका रहती है. हालांकि, इस घटना में कार्ड की जानकारी ठगों को कैसे मिली, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है.
चार मोबाइल नंबरों के आधार पर जांच कर रही पुलिस
शिकायत में चार मोबाइल नंबरों का उल्लेख किया गया है. पुलिस इन नंबरों से जुड़े लोगों और संदिग्ध लेनदेन की जानकारी जुटा रही है. साथ ही भुगतान से संबंधित डिजिटल रिकॉर्ड, मर्चेंट डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है.
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्रेडिट कार्ड की गोपनीय जानकारी अपराधियों तक कैसे पहुंची और निकाली गई रकम किन खातों या भुगतान माध्यमों में ट्रांसफर हुई.
क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने वालों के लिए जरूरी सावधानी
साइबर ठगी की बढ़ती घटनाओं के बीच लोगों को क्रेडिट कार्ड का CVV, OTP और अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी जाती है. अनजान लिंक पर क्लिक करने और संदिग्ध वेबसाइट पर कार्ड की डिटेल दर्ज करने से बचना चाहिए. किसी भी अनधिकृत ट्रांजेक्शन की जानकारी मिलते ही बैंक को सूचित कर कार्ड ब्लॉक कराना और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराना चाहिए.