फरीदाबाद में टेक महिंद्रा के पूर्व एशिया हेड की हत्या, शरीर में लगीं 9 गोलियां; पार्किंग विवाद में पड़ोसी ने की फायरिंग

फरीदाबाद में टेक महिंद्रा के पूर्व एशिया हेड की हत्या, शरीर में लगीं 9 गोलियां; पार्किंग विवाद में पड़ोसी ने की फायरिंग

प्रेषित समय :18:45:40 PM / Sat, Nov 7th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

फरीदाबाद. हरियाणा के फरीदाबाद में पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद एक बड़ी हत्याकांड की वजह बन गया. टेक महिंद्रा के पूर्व एशिया हेड परमजीत धनखड़ की उनके पड़ोसी ने गोली मारकर हत्या कर दी. आरोप है कि मोनू शर्मा ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से करीब 15 राउंड फायरिंग की, जिसमें से 9 गोलियां परमजीत को लगीं. गंभीर रूप से घायल परमजीत की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने घटना के बाद फरार हुए आरोपी मोनू शर्मा को शाम करीब 4 बजे गिरफ्तार कर लिया.

गाड़ी हटाने को लेकर हुआ विवाद, फिर बरसाईं गोलियां

पुलिस के मुताबिक, परमजीत धनखड़ और आरोपी मोनू शर्मा एक ही बिल्डिंग में रहते थे. परमजीत का परिवार पहली मंजिल पर और मोनू का परिवार तीसरी मंजिल पर रहता था. दोनों परिवारों के बीच गाड़ी पार्किंग और कुत्ते को पार्किंग में शौच कराने को लेकर पहले से विवाद चल रहा था.

शुक्रवार रात परमजीत जिम से लौटे थे. उन्होंने अपनी निर्धारित पार्किंग जगह पर खड़ी मोनू की गाड़ी हटाने के लिए कहा. इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मोनू ने पिस्टल निकालकर परमजीत पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं.

चार दिन पहले भी हुआ था दोनों परिवारों में झगड़ा

सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रह्लाद के अनुसार, वारदात से करीब चार-पांच दिन पहले भी मोनू और परमजीत के बेटे शौर्य के बीच विवाद हुआ था. हालांकि, उस समय मामला सुलझ गया था. इसके बावजूद दोनों परिवारों के बीच तनाव बना हुआ था.

बेटे की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

परमजीत के बेटे शौर्य की शिकायत पर पुलिस ने मोनू शर्मा उर्फ मोहन, उसकी पत्नी दिव्या, बेटे मयंक, बेटी नैना और भाई हेतराम के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस सभी की भूमिका की जांच कर रही है.

परमजीत के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया है.

भांजे की शादी में शामिल होने सिंगापुर से आए थे परमजीत

परमजीत धनखड़ अपने परिवार के साथ सिंगापुर में रहते थे. वह 5 नवंबर को भारत आए थे. परिवार में 24 नवंबर को उनके भांजे की शादी थी, जिसमें शामिल होने के लिए वह फरीदाबाद पहुंचे थे. लेकिन शादी की खुशियों के बीच पड़ोसी के साथ हुआ विवाद उनकी जिंदगी का आखिरी विवाद साबित हुआ.

शाम 4 बजे आरोपी गिरफ्तार, रिमांड पर लेकर होगी पूछताछ

पुलिस ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी मोनू शर्मा परिवार सहित फरार हो गया था. हालांकि, पुलिस ने शाम करीब 4 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया. अब आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी, ताकि हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटनाक्रम का पता लगाया जा सके.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-