महाराष्ट्र - धाराशिव में किराना दुकान और मकान में आग, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत

महाराष्ट्र - धाराशिव में किराना दुकान और मकान में आग, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत

प्रेषित समय :16:18:58 PM / Mon, Nov 9th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

मुंबई. महाराष्ट्र के धाराशिव जिले के येडशी गांव में दिवाली की रात भीषण आग लगने से एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई. मृतकों में दो बुजुर्ग दंपती और 15 व 16 साल की दो किशोरियां शामिल हैं. सोमवार तड़के किराना दुकान में लगी आग ने पास स्थित मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया. हादसे के वक्त परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सोमवार तड़के करीब 2:30 बजे येडशी गांव स्थित करंडे किराना स्टोअर्स एंड गिफ्ट वेअर में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान से सटे मकान तक पहुंच गई. आग की चपेट में आने से घर में मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला. घटना की सूचना पर दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. ग्रामीणों ने भी आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक छह लोगों की जान जा चुकी थी.

करंडे परिवार की तीन पीढ़ियों की मौत

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान उत्तम त्रिंबक करंडे (75), चंद्रकला उत्तम करंडे (70), गोविंद उत्तम करंडे (47), ज्योति गोविंद करंडे (42), गायत्री गोविंद करंडे (16) और सिद्धि गोविंद करंडे (15) के रूप में हुई है. एक ही परिवार की तीन पीढ़ियों के छह सदस्यों की मौत से गांव में शोक की लहर है.

आग लगने के कारणों की जांच

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस और प्रशासन की टीम मामले की जांच कर रही है. शॉर्ट सर्किट सहित आग लगने के अन्य संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है. घटना ने दिवाली की खुशियों के बीच पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-