अहमदाबाद. गुजरात के अहमदाबाद में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ी परियोजना शुरू की गई है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 4.03 किलोमीटर लंबे इस्कॉन-साणंद एलिवेटेड कॉरिडोर का उद्घाटन किया. करीब 464 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह छह लेन का कॉरिडोर सरखेज-गांधीनगर हाईवे पर ट्रैफिक का दबाव कम करने और शहर के प्रमुख इलाकों के बीच आवागमन आसान बनाने में मदद करेगा. परियोजना से प्रतिदिन करीब दो लाख वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है.
इस्कॉन जंक्शन से साणंद फ्लाईओवर तक बेहतर कनेक्टिविटी
नेशनल हाईवे-147 पर तैयार यह एलिवेटेड कॉरिडोर इस्कॉन जंक्शन को साणंद फ्लाईओवर से जोड़ता है. इसके चालू होने से कर्णावती क्लब, प्रहलाद नगर और YMCA जैसे व्यस्त जंक्शनों पर यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी. खासतौर पर रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को बार-बार लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है. इससे यात्रा का समय और ईंधन की खपत भी कम हो सकती है.
उद्घाटन कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, शहरी विकास राज्य मंत्री दर्शना वाघेला, अहमदाबाद के महापौर हितेश बारोट और विधायक अमित ठाकर व बाबूभाई पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे.
26.8 मीटर चौड़ा है आधुनिक एलिवेटेड कॉरिडोर
इस परियोजना का निर्माण केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के तहत कराया गया है. कॉरिडोर की कुल चौड़ाई 26.8 मीटर रखी गई है. इसमें 2,940 मीटर लंबा वायाडक्ट और 1,090 मीटर लंबी एप्रोच सड़कें शामिल हैं. आधुनिक इंजीनियरिंग और यातायात प्रबंधन की सुविधाओं के साथ इसे तैयार किया गया है.
शोर कम करने के लिए लगाए गए नॉइज बैरियर
आसपास के रिहायशी और व्यावसायिक क्षेत्रों में वाहनों के शोर का असर कम करने के लिए करीब 5,880 मीटर लंबे हिस्से में विशेष नॉइज बैरियर लगाए गए हैं. इसके अलावा पूरे कॉरिडोर में 297 स्ट्रीट लाइटें स्थापित की गई हैं.
सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए एडवांस्ड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम, ओवरहेड और कैंटिलीवर गैंट्री, दिशा सूचक बोर्ड, कैट्स आई रिफ्लेक्टर और एंटी-ग्लेयर व्यवस्था भी विकसित की गई है.
सर्विस रोड का भी हुआ निर्माण
एलिवेटेड कॉरिडोर के साथ-साथ नीचे की ओर यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए 7 से 14 मीटर चौड़ी व्हाइट-टॉपिंग सर्विस रोड भी बनाई गई हैं. इससे स्थानीय वाहनों और मुख्य मार्ग से गुजरने वाले ट्रैफिक के बीच बेहतर तालमेल बनाने में मदद मिलेगी.
इस परियोजना के शुरू होने से अहमदाबाद के सरखेज, साणंद और आसपास के क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है. व्यस्त मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव कम होने से रोजाना सफर करने वाले लोगों को समय और ईंधन दोनों की बचत हो सकती है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

