बिल का टोटल देखने के साथ प्रत्येक आइटम की कीमत भी जांचें, छोटी-सी लापरवाही से हो सकता है आर्थिक नुकसान

बिल का टोटल देखने के साथ प्रत्येक आइटम की कीमत भी जांचें, छोटी-सी लापरवाही से हो सकता है आर्थिक नुकसान

प्रेषित समय :20:04:53 PM / Mon, Nov 9th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

अहमदाबाद. बाजार में खरीदारी के दौरान उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी का एक ऐसा तरीका सामने आ रहा है, जिसमें कुछ व्यापारियों द्वारा बिल बनाते समय एक या दो सामान की कीमत दो बार जोड़ दी जाती है. ग्राहक अक्सर बिल की कुल राशि देखकर भुगतान कर देते हैं और प्रत्येक वस्तु की कीमत तथा उसकी संख्या पर ध्यान नहीं देते. इसी लापरवाही का फायदा उठाकर उनसे वास्तविक कीमत से अधिक राशि वसूल किए जाने की आशंका रहती है.

कंज्यूमर कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडिया (CCI) के नेशनल चेयरमैन डॉ. अनंत शर्मा, महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती प्रीति पंड्या एवं राष्ट्रीय मीडिया कोऑर्डिनेटर निरंजन द्विवेदी ने उपभोक्ताओं को इस तरह की बिलिंग संबंधी गड़बड़ियों के प्रति सतर्क रहने का आग्रह किया है.

नेशनल चेयरमैन डॉ. अनंत शर्मा ने उपभोक्ताओं से आह्वान किया है कि वह खरीदारी के समय जागरूक रहे और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहकर खरीदारी करें. 

बिल में एक ही वस्तु के दो बार राशि जोड़ने के मामले में मीडिया कोऑर्डिनेटर द्विवेदी ने कहा कि कई बार जागरूक उपभोक्ता बिल में दोबारा जोड़ी गई राशि पर सवाल उठाते हैं तो संबंधित व्यापारी इसे मानवीय भूल बताकर मामला समाप्त करने का प्रयास करते हैं. हालांकि, प्रत्येक मामले को सामान्य गलती मानकर नजरअंदाज करना उचित नहीं है. यदि एक ही प्रकार की गड़बड़ी बार-बार सामने आती है तो इसकी गंभीरता से जांच होनी चाहिए.

उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि खरीदारी के बाद भुगतान करने से पहले बिल की प्रत्येक एंट्री, वस्तुओं की संख्या, प्रति इकाई कीमत, छूट और अंतिम कुल राशि का मिलान अवश्य करें. विशेष रूप से एक जैसे कई सामान खरीदने पर उनकी संख्या और कीमत जरूर जांचें. उपभोक्ता जागरूक बने, बिल में प्रत्येक सामान का नाम और मात्रा जांचें ताकि किसी तरह की समस्या से बचा जा सके. एक ही वस्तु की कीमत दो बार तो नहीं जोड़ी गई, यह देखें. एमआरपी और बिल में दर्ज कीमत का मिलान करें.

भुगतान के बाद भी बिल को सुरक्षित रखें. गड़बड़ी मिलने पर तुरंत व्यापारी से स्पष्टीकरण मांगें. समाधान नहीं मिलने पर राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन अथवा उपभोक्ता आयोग में कार्यवाही कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि उपभोक्ता जागरूकता का अर्थ केवल सामान की गुणवत्ता जांचना नहीं, बल्कि भुगतान की गई प्रत्येक राशि का हिसाब रखना भी है. छोटी-छोटी रकम की अनदेखी आगे चलकर बड़े आर्थिक नुकसान का कारण बन सकती है. इसलिए प्रत्येक उपभोक्ता को बिल जांचने की आदत विकसित करनी चाहिए. जागरूक उपभोक्ता ही अपने अधिकारों की रक्षा कर सकता है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-