सिंगरौली में कच्चा मकान ढहने से मां-बेटे और मासूम बच्ची की मौत, पांच घायल

सिंगरौली में कच्चा मकान ढहने से मां-बेटे और मासूम बच्ची की मौत, पांच घायल

प्रेषित समय :12:06:04 PM / Tue, Nov 10th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

सिंगरौली. मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में सोमवार रात सो रहे परिवार पर कच्चा मकान ढह गया. कोतवाली थाना क्षेत्र के बरहपान गांव के जलहथनी टोला में हुए हादसे में अरुण विश्वकर्मा (36), उनकी मां संतुलिया (65) और दो साल की बेटी की मलबे में दबने से मौत हो गई, जबकि परिवार के पांच सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए.

सूचना मिलते ही ग्रामीणों और प्रशासनिक टीम ने जेसीबी की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. रात करीब एक बजे तक सभी शवों और घायलों को मलबे से बाहर निकाल लिया गया. घायलों को बैढ़न ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है. एसडीएम और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य का जायजा लिया.

सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये और घायलों को 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं.

दीवार में पहले से थी दरार, गिरने की आवाज भी आई

घायल बेलामती ने बताया कि परिवार रात में घर के अंदर सो रहा था. मकान की एक दीवार पहले से फटी हुई थी और उसमें से आवाजें भी आ रही थीं. परिवार को मकान गिरने की आशंका हुई, लेकिन इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, पूरा मकान ढह गया. बेलामती अपने चार बच्चों के साथ मलबे में दब गईं. ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकाला. उनके पति भी मलबे में दबे अन्य लोगों को बचाने पहुंचे थे, लेकिन खुद बाहर नहीं निकल सके.

करीब 50 साल पुराना था मकान

हादसे का शिकार हुआ कच्चा खपरैल मकान करीब 50 साल पुराना था. समय के साथ इसमें अतिरिक्त कच्चा निर्माण भी कराया गया था. मकान में दोहरी छत थी. पहले मिट्टी की छत बनाई गई थी, जिसके ऊपर बाद में दोबारा कच्चा निर्माण किया गया था.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-