जबलपुर. एमपी के जबलपुर में गोहलपुर स्थित बधैया मोहल्ला में पुरानी रंजिश को लेकर कुछ लोगों ने मिलकर परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया. एक बच्ची सहित पांच लोगों को चोटें आई है. हमला होते देख क्षेत्र में हड़कम्प मचा रहा. पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां पर घायलों की हालत को देखते हुए भरती कर लिया गया है.
पुलिस को पूछताछ में घायल मुकेश चौधरी ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले आदि, बमबम और रमेश चौधरी से उनका पुराना विवाद चल रहा है. शाम करीब 4 बजे उनकी पत्नी घर के बाहर काम कर रही थीं, तभी आरोपियों ने छेडख़ानी शुरू कर दी. विरोध करने पर आरोपी पक्ष की महिलाएं भी वहां पहुंच गईं और पत्नी व बच्ची के साथ मारपीट की. इसके बाद दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. मुकेश के मुताबिक रात में वह पत्नी के लिए कपड़े और खाना लेकर अस्पताल जा रहा था, तभी आरोपियों ने उसे फिर रोक लिया.
इस दौरान बच्ची पर कड़े से हमला किया गया, जबकि मुकेश और उसके भाई लक्ष्मण पर चाकू से वार किए गए. पीडि़त परिवार का आरोप है कि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और पहले भी कई मामलों में शामिल रहे हैं. उनका कहना है कि घटना के बाद भी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और उन्हें धमकियां दे रहे हैं. गोहलपुर थाना प्रभारी रितेश पांडे ने बताया कि मारपीट में घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मामले की जांच की जा रही है और हमला करने वालों की तलाश जारी है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

