अक्टूबर माह में ड्यूटी के दौरान तकनीकी खामियों की समय रहते पहचान कर सुरक्षित रेल परिचालन में दिया योगदान
जबलपुर. पश्चिम मध्य रेल में सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए संभावित रेल दुर्घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले छह रेलकर्मियों को उत्कृष्ट संरक्षा जागरूकता पुरस्कार से सम्मानित किया गया. महाप्रबंधक श्री दिलीप कुमार सिंह ने अक्टूबर 2026 के दौरान ड्यूटी पर सजगता दिखाने वाले इन कर्मचारियों को पुरस्कार प्रदान किए.
पुरस्कृत कर्मचारियों में श्री मो. तसलीम अंसारी, वरिष्ठ ट्रेन मैनेजर, सतना (जबलपुर मंडल), श्री विजय, स्टेशन मास्टर, बखलेटा (जबलपुर मंडल), श्री महेंद्र सिंह यादव, लोको पायलट, बीना (भोपाल मंडल), श्री संजीव कुमार मीणा, ट्रेन मैनेजर (गुड्स), गुना (भोपाल मंडल), श्री दिनेश चन्द्र गुर्जर, ट्रेन मैनेजर (गुड्स), कोटा (कोटा मंडल) और श्री मुनेश सिंह जादौन, वरिष्ठ पॉइंट्समैन-ए, श्रीमहावीरजी (कोटा मंडल) शामिल हैं.
इन कर्मचारियों ने ड्यूटी और रेलखंडों पर गश्त के दौरान तकनीकी खामियों एवं असामान्य स्थितियों की समय रहते पहचान की. इनमें पहियों में निर्धारित सीमा से अधिक फ्लैट टायर होने पर हैमरिंग की आवाज आना, हॉट एक्सल, लोको के अंडरफ्रेम से धुआं निकलना और एक्सल लॉक होना, वैगन के एक्सल के पास आग लगना, जुड़े वैगनों के बफर की ऊंचाई में अंतर तथा ओएचई तारों में चिंगारियां दिखाई देना जैसी घटनाएं शामिल थीं. कर्मचारियों ने तत्काल सूचना देकर निर्धारित संरक्षा प्रक्रियाओं के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की, जिससे संभावित दुर्घटनाओं को टाला जा सका.
महाप्रबंधक श्री दिलीप कुमार सिंह ने सम्मानित कर्मचारियों की तत्परता और संरक्षा के प्रति समर्पण की सराहना की. उन्होंने कहा कि रेल परिचालन में छोटी से छोटी तकनीकी असामान्यता की समय पर पहचान और उस पर त्वरित कार्रवाई बेहद जरूरी है. प्रत्येक रेलकर्मी की सतर्कता सुरक्षित रेल संचालन की अहम कड़ी है. ऐसे कर्मचारी अन्य रेलकर्मियों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं.
इस अवसर पर प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी श्री मनोज गुरुमुखी, उप मुख्य संरक्षा अधिकारी श्री अजय कुमार पाल सहित संरक्षा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

