हरदोई. उत्तर प्रदेश के हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे पर बुधवार दोपहर तेज रफ्तार XUV कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई. हादसे में नोएडा की एक IT कंपनी के वाइस चेयरमैन सौरभ उपाध्याय, उनकी पत्नी और दो बेटों की मौत हो गई. परिवार भाई दूज और छठ पूजा मनाने नोएडा से प्रयागराज जा रहा था.
डिवाइडर से टकराकर 30 मीटर तक घिसटी कार
जानकारी के मुताबिक, प्रयागराज के नीम सराय मुंडेरा निवासी सौरभ उपाध्याय बुधवार को पत्नी मेनका (35), बेटे व्योम (7) और डेढ़ साल के शिवोम के साथ कार से प्रयागराज जा रहे थे. गंगा एक्सप्रेसवे पर उनकी XUV अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई. टक्कर इतनी तेज थी कि कार करीब 30 मीटर तक डिवाइडर पर घिसटती चली गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
हादसे में सौरभ, उनकी पत्नी मेनका और बड़े बेटे व्योम की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, छोटा बेटा शिवोम कार का शीशा टूटने से उछलकर करीब 20 फीट नीचे जा गिरा. उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना पर साण्डी, बिलग्राम और हरपालपुर थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. राहत एवं बचाव कार्य के बाद शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई. सीओ राम सूरत सोनकर के मुताबिक, 11 नवंबर को गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार के कारण XUV दुर्घटनाग्रस्त हुई. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

