पटाखों से बढ़े प्रदूषण पर बोले सीएम योगी, 'चिंता न करें, हवा की गुणवत्ता भी सुधर जाएगी'

पटाखों से बढ़े प्रदूषण पर बोले सीएम योगी,

प्रेषित समय :15:06:28 PM / Wed, Nov 11th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

लखनऊ. दिवाली के बाद देश के कई शहरों में वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ने के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पटाखे जलाने और प्रदूषण को लेकर बयान दिया है. बुधवार को लखनऊ में एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि लोगों ने इस बार पूरे उत्साह के साथ दिवाली मनाई है. पटाखे फोड़ने से यदि प्रदूषण बढ़ा है, तो वह कम भी हो जाएगा. इसलिए इसे लेकर ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं है.

सीएम योगी ने कहा कि सरकार ने दिवाली पर पटाखे जलाने को लेकर कोई प्रतिबंध लगाने का निर्णय नहीं लिया था. उन्होंने लोगों के त्योहार मनाने के उत्साह का समर्थन भी किया. इस दौरान उन्होंने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कुछ लोगों की चुप्पी को लेकर भी सवाल उठाए.

पटाखे प्रदूषण की एकमात्र वजह नहीं

वायु प्रदूषण के मुद्दे पर चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने भी सभी राजनीतिक दलों से मिलकर काम करने की अपील की है. संगठन के चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा कि दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के लिए केवल दिवाली के पटाखों को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है. उन्होंने बताया कि 5, 6 और 7 नवंबर को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 350 से 400 के बीच दर्ज किया गया था, जबकि दिवाली 8 नवंबर को मनाई गई. ऐसे में प्रदूषण के लिए पटाखों को एकमात्र वजह नहीं माना जा सकता. CTI ने पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने की समस्या पर भी ध्यान देने की जरूरत बताई. संगठन के मुताबिक, अक्टूबर से जनवरी के बीच पराली जलाने और मौसम संबंधी परिस्थितियों के कारण वायु प्रदूषण की समस्या गंभीर हो जाती है.

खराब हवा सेहत पर डाल रही असर

दिल्ली में प्रदूषण का असर लोगों की सेहत पर भी दिखाई दे रहा है. खराब हवा के कारण सिरदर्द, सूखी खांसी, आंखों में जलन और गले में परेशानी जैसी शिकायतें सामने आ रही हैं. दिवाली की रात दिल्ली के 59 प्रदूषण निगरानी केंद्रों में से 20 पर वायु गुणवत्ता गंभीर, 33 पर बेहद खराब और 6 केंद्रों पर खराब श्रेणी में दर्ज की गई. डॉक्टरों ने लोगों को प्रदूषण से बचाव के लिए N95 मास्क पहनने और निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-