भोपाल . मध्य प्रदेश में अमूल दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की गई है. नई दरें गुरुवार, 12 नवंबर से लागू हो गई हैं. इसके बाद अमूल गोल्ड का एक लीटर पैक 70 रुपए से बढ़कर 74 रुपए और अमूल फ्रेश 57 रुपए से बढ़कर 59 रुपए का हो गया है.
प्रदेश में सांची के बाद अमूल दूध की सबसे अधिक खपत होती है. राज्य में रोजाना साढ़े चार लाख लीटर से अधिक अमूल दूध की बिक्री होती है. इसमें सबसे बड़ा हिस्सा इंदौर का है, जहां प्रतिदिन करीब सवा लाख लीटर दूध बिकता है. वहीं, भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर में रोजाना 50 से 80 हजार लीटर तक अमूल दूध की खपत है.
सप्लायर्स को मौखिक सूचना, नई दरों पर बिक्री शुरू
जानकारी के मुताबिक, अमूल की ओर से दूध की कीमतों में बदलाव की सूचना सप्लायर्स को दे दी गई है. हालांकि, उन्हें अब तक लिखित आदेश नहीं मिले हैं. सप्लायर हरीश के अनुसार, गुरुवार से भोपाल सहित प्रदेश के अन्य शहरों में अमूल दूध की बिक्री नई कीमतों पर की जा रही है.
भोपाल में खुले दूध की खपत ज्यादा, पैक्ड में सांची आगे
भोपाल में पैकेट वाले दूध की तुलना में खुले दूध की खपत अधिक है. शहर में रोजाना 6 से 8 लाख लीटर खुले दूध की बिक्री होती है. पैक्ड दूध के बाजार में सांची सबसे आगे है. इसकी औसतन तीन लाख लीटर प्रतिदिन बिक्री होती है, जबकि अमूल की खपत करीब 80 हजार लीटर है. इसके अलावा सौरभ, श्रीधी और मदर डेयरी के दूध की भी बाजार में हिस्सेदारी है. सौरभ और श्रीधी की संयुक्त दैनिक खपत करीब एक लाख लीटर है. इनकी सप्लाई भोपाल शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी होती है. वहीं, मदर डेयरी का दूध मुख्य रूप से शहरी इलाकों में बिकता है.
मदर डेयरी ने भी बढ़ाए दाम, MP में नई दरें लागू नहीं
मदर डेयरी ने बुधवार को दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की है, लेकिन मध्य प्रदेश में फिलहाल नई दरें लागू नहीं हुई हैं. प्रदेश में कंपनी की रोजाना सप्लाई करीब डेढ़ लाख लीटर है. इसमें भोपाल की हिस्सेदारी लगभग 25 हजार लीटर है. इसके अलावा मंडीदीप, इटारसी, नर्मदापुरम, सागर, विदिशा, ललितपुर, हरदा और इंदौर में भी मदर डेयरी दूध की सप्लाई करती है. स्थानीय वितरकों के मुताबिक, मध्य प्रदेश में फिलहाल मदर डेयरी की पुरानी कीमतें ही लागू हैं. यहां कीमतों में बदलाव का फैसला स्थानीय बाजार और दूध संघों की दरों के आधार पर किया जाता है.
दूध के प्रमुख प्रकार और उनमें फैट की मात्रा
फुल क्रीम मिल्क: इसमें कम से कम 6 प्रतिशत फैट होता है. यह अन्य किस्मों की तुलना में अधिक गाढ़ा होता है.
टोंड मिल्क: इसमें फैट की मात्रा करीब 3 प्रतिशत रखी जाती है.
डबल टोंड मिल्क: इसमें फैट लगभग 1.5 प्रतिशत होता है. कम फैट वाला दूध पसंद करने वाले उपभोक्ता इसे चुनते हैं.
बल्क टोंड मिल्क: यह टोंड दूध होता है, जो मदर डेयरी के वेंडिंग बूथ पर सीधे उपलब्ध कराया जाता है.