अहमदाबाद एक्सप्रेसवे पर पलटी कार, पति-पत्नी की मौत; 8 साल की बेटी और बुजुर्ग मां गंभीर

अहमदाबाद एक्सप्रेसवे पर पलटी कार, पति-पत्नी की मौत; 8 साल की बेटी और बुजुर्ग मां गंभीर

प्रेषित समय :17:16:32 PM / Thu, Nov 12th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

अहमदाबाद. गुजरात के धोलरा-अहमदाबाद एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनकी आठ वर्षीय बेटी और बुजुर्ग मां गंभीर रूप से घायल हो गईं. हादसा उस समय हुआ, जब परिवार भावनगर से अहमदाबाद लौट रहा था.

पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना सुबह करीब 9 बजे हुई. अहमदाबाद के जमालपुर क्षेत्र का रहने वाला परिवार कार से सफर कर रहा था. वाहन नजीर मेमन चला रहे थे. इसी दौरान अचानक कार से उनका नियंत्रण हट गया और गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई.

मौके पर हुई पति-पत्नी की मौत

हादसा इतना गंभीर था कि कार में सवार नजीर मेमन और उनकी पत्नी अफीना की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, उनकी आठ साल की बेटी और नजीर की बुजुर्ग मां को गंभीर चोटें आईं.

धोलरा थाने के इंस्पेक्टर सुभाष शर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची. घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. दोनों मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए हैं.

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-