जयपुर. राजस्थान की राजधानी जयपुर में बुधवार रात एक हिस्ट्रीशीटर की सरेराह हत्या से सनसनी फैल गई. जोबनेर निवासी विजय बाजिया पर करधनी थाना क्षेत्र के जगदंबा नगर में कैंपर सवार बदमाशों ने हमला कर दिया. आरोपियों ने पहले उसकी फॉर्च्यूनर गाड़ी को टक्कर मारकर रोका और फिर उसे घेरकर लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा. हमले में विजय की मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
पुलिस के मुताबिक, घटना बुधवार रात करीब 8 बजे की है. विजय बाजिया जोबनेर से अपनी टोयोटा फॉर्च्यूनर में जयपुर की ओर आ रहा था. इसी दौरान कैंपर गाड़ी में सवार 4 से 6 लोगों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया. जगदंबा नगर इलाके में बदमाशों ने उसकी गाड़ी को घेर लिया.
कैंपर से SUV को मारी टक्कर, भागने का मौका नहीं मिला
DCP वेस्ट प्रशांत किरण के अनुसार, हमलावरों ने अपनी कैंपर गाड़ी से विजय की फॉर्च्यूनर को टक्कर मार दी. इसके बाद विजय ने कॉलोनी की सड़कों से निकलकर बचने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उसका रास्ता रोक लिया.
गाड़ी रुकने के बाद विजय बाहर निकलकर भागने लगा, तभी आरोपियों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया. हमलावरों ने कुछ ही मिनटों में वारदात को अंजाम दिया और कैंपर में सवार होकर फरार हो गए.
पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में दोनों पक्षों के बीच किसी पुराने मामले को लेकर रंजिश होने की बात सामने आई है. बताया जा रहा है कि दूसरे पक्ष के लोग काफी समय से विजय पर नजर रखे हुए थे. बुधवार रात उसे रास्ते में घेरकर हमला करने की योजना को अंजाम दिया गया.
विजय बाजिया जोबनेर थाने का हिस्ट्रीशीटर था और उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है.
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बनाया वीडियो
वारदात के दौरान आसपास मौजूद कुछ लोगों ने घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया. हत्या की सूचना मिलते ही करधनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया.
घटना के बाद आरोपियों की तलाश के लिए इलाके में नाकेबंदी की गई. पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों और सामने आए वीडियो की मदद से हमलावरों की पहचान करने में जुटी है.
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
DCP प्रशांत किरण के अनुसार, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस पुरानी रंजिश, हमले की योजना और वारदात में शामिल लोगों की भूमिका का पता लगा रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है.
राजधानी में हुई इस वारदात ने एक बार फिर आपराधिक रंजिश और सरेराह हिंसा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

