अहमदाबाद. गुजरात के अहमदाबाद में हिट एंड रन का मामला सामने आया है. शिलाज सर्कल के पास तेज रफ्तार रेंज रोवर कार ने रैपिडो बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में बाइक पर पीछे बैठे यात्री की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा राइडर घायल हो गया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर कार चालक राघवेंद्र कुशवाहा को गिरफ्तार किया है. आरोपी बापूनगर से भाजपा विधायक दिनेशसिंह कुशवाहा का भतीजा बताया जा रहा है.
घटना 11 नवंबर 2026 को सुबह करीब 6:45 से 7 बजे के बीच शिलाज सर्कल के पास गुरुकृपा ट्रेडर्स चौराहे पर हुई थी. हादसे के बाद चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया था. पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बताई जा रही रेंज रोवर को भी जब्त कर लिया है. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पुलिस स्टेशन से ही जमानत मिल गई.
बाइक पर पीछे बैठे यात्री की इलाज के दौरान मौत
जानकारी के मुताबिक, 50 वर्षीय रैपिडो राइडर प्रदीप डडवाल घाटलोडिया से यात्री हर्षदकुमार नरसिंह पुरबिया को लेकर शिलाज की ओर जा रहे थे. तभी पीछे से आई तेज रफ्तार रेंज रोवर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.
हादसे में बाइक पर पीछे बैठे हर्षद पुरबिया गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें उपचार के लिए सोला सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. बाइक चला रहे प्रदीप डडवाल को भी चोटें आईं. वे पेशे से सिक्योरिटी गार्ड भी हैं.
प्रदीप ने कार के नंबर के आधार पर बोपल पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की.
CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और कार की नंबर प्लेट के आधार पर जांच की. इसके बाद कार चालक की पहचान राघवेंद्र कुशवाहा के रूप में हुई. बताया जा रहा है कि आरोपी रियल एस्टेट व्यवसाय से जुड़ा है और भाजपा विधायक दिनेशसिंह कुशवाहा का भतीजा है.
बोपल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और हादसे में शामिल रेंज रोवर कार जब्त कर ली. पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना में मौत होने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.
गिरफ्तारी के बाद थाने से मिली जमानत
पुलिस स्टेशन से ही आरोपी को जमानत मिल गई. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी की गाड़ी के खिलाफ पहले से कोई ट्रैफिक नियम उल्लंघन या चालान दर्ज है या नहीं. हादसे के समय की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है.
इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और दुर्घटना के बाद मौके से फरार होने के मामलों को लेकर सवाल खड़े किए हैं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

