भोपाल. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को शिवपुरी जिले के पिछोर से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 42वीं किस्त जारी की. इसके तहत प्रदेश की 1 करोड़ 24 लाख 81 हजार 550 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1,831 करोड़ 77 लाख रुपए से अधिक की राशि ट्रांसफर की गई. योजना के तहत प्रत्येक पात्र महिला के खाते में 1,500 रुपए की मासिक सहायता राशि पहुंचाई गई.
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस और भाजपा सरकारों के कार्यकाल की तुलना करते हुए सीधे खातों में राशि पहुंचने को मौजूदा व्यवस्था की उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि पहले केंद्र से पैसा आने पर बिचौलिये बीच में ही हितग्राहियों की राशि का हिस्सा ले जाते थे, लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली से या मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश में कहीं से भी बटन दबाते हैं तो कुछ ही पलों में पैसा सीधे खातों में पहुंच जाता है. मोबाइल पर भी राशि जमा होने का संदेश आ जाता है.
सिंधिया बोले- बटन दबाते ही खाते में पहुंच जाती है राशि
कार्यक्रम में सिंधिया ने अपने अंदाज में कहा कि मंच से बटन दबाया जाता है, 'खट्ट' से प्रक्रिया शुरू होती है और 'फट्ट' से पैसा खाते में पहुंच जाता है. मोबाइल पर भी तत्काल संदेश आ जाता है. उन्होंने कहा कि यही भाजपा और कांग्रेस की सरकारों के बीच अंतर है. कांग्रेस के शासनकाल में किसानों और महिलाओं के लिए खजाना खाली होने की बात कही जाती थी, जबकि मौजूदा सरकार में योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों तक पहुंच रहा है.
स्व-सहायता समूहों को 200 करोड़ रुपए का ऋण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम के दौरान रिमोट का बटन दबाकर स्व-सहायता समूहों को 200 करोड़ रुपए की ऋण राशि भी हस्तांतरित की. उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया. कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई. इससे पहले मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहनों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

