इंदौर में 80 वर्षीय रिटायर्ड टीचर से साइबर ठगी, 5 किलो शक्कर के ऑर्डर के बाद खाते से निकले 99 हजार रुपए

इंदौर में 80 वर्षीय रिटायर्ड टीचर से साइबर ठगी, 5 किलो शक्कर के ऑर्डर के बाद खाते से निकले 99 हजार रुपए

प्रेषित समय :19:31:40 PM / Fri, Nov 13th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

इंदौर. ऑनलाइन किराना मंगाने के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी आर्थिक चपत लगा सकती है. इंदौर में 80 वर्षीय रिटायर्ड शिक्षिका के साथ ऐसा ही मामला सामने आया है. महिला ने Zepto ऐप से 5 किलो शक्कर का ऑर्डर किया था. डिलीवरी के समय भुगतान की राशि को लेकर विवाद हुआ तो ठगों ने कस्टमर केयर के नाम पर उन्हें अपने जाल में फंसा लिया. इसके बाद उनके बैंक खाते से 99 हजार रुपए निकाल लिए गए.

छोटी ग्वालटोली पुलिस के मुताबिक, फिल्म कॉलोनी निवासी 80 वर्षीय अरुणा व्यास ने बुधवार को साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि वे राजस्थान सरकार के शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त हैं और फिलहाल इंदौर में रहती हैं.

कैंसिलेशन के नाम पर शुरू हुआ ठगी का खेल

अरुणा व्यास ने Zepto ऐप से 5 किलो शक्कर ऑनलाइन ऑर्डर की थी. डिलीवरी बॉय सामान लेकर पहुंचा तो महिला ने भुगतान की राशि अधिक होने की बात कही. इस पर डिलीवरी बॉय ने ऑर्डर कैंसिल करने की सलाह दी और गूगल से कैंसिलेशन नंबर खोजने को कहा.

महिला ने गूगल पर कस्टमर केयर नंबर तलाशकर कॉल किया और अपनी परेशानी बताई. इसके अगले दिन एक अन्य नंबर से उनके पास फोन आया. कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को शिकायत प्रक्रिया पूरी कराने वाला बताकर महिला को बातचीत में उलझाए रखा.

34 मिनट तक फोन पर रखा, खाते से निकाले 99 हजार

महिला के मुताबिक, कॉल करने वाले व्यक्ति ने करीब 34 मिनट तक उन्हें बातचीत में व्यस्त रखा और भरोसा दिलाया कि उनके पैसे वापस मिल जाएंगे. लेकिन जब उन्होंने बैंक खाते का बैलेंस चेक किया तो पता चला कि खाते से दो बार में रकम निकाल ली गई है. पहली बार 95 हजार और दूसरी बार 4 हजार रुपए ट्रांसफर किए गए थे. इस तरह कुल 99 हजार रुपए की ठगी हुई.

कंप्यूटर शिक्षिका के खाते से भी एक लाख से ज्यादा निकाले

इंदौर में साइबर ठगी का एक अन्य मामला भी सामने आया है. एमआईजी पुलिस ने कृष्णबाग निवासी 50 वर्षीय वंदना आनंद कुमार की शिकायत पर धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है. वंदना एक कोचिंग सेंटर में कंप्यूटर की कक्षाएं लेती हैं.

उन्होंने पुलिस को बताया कि अज्ञात आरोपियों ने उनके बैंक खाते से एक लाख रुपए से अधिक निकाल लिए. उन्हें ठगी का पता बैंक से मिले ट्रांजेक्शन मैसेज के जरिए चला. आरोपियों ने 20 से अधिक बार खाते से लेनदेन किया था.

दोनों मामलों में पुलिस शिकायतों के आधार पर जांच कर रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-