जबलपुर में बोफोर्स तोप का आधुनिकीकरण, अब रात में भी साध सकेगी सटीक निशाना

जबलपुर में बोफोर्स तोप का आधुनिकीकरण, अब रात में भी साध सकेगी सटीक निशाना

प्रेषित समय :19:06:12 PM / Fri, Nov 13th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

506 आर्मी बेस वर्कशॉप और गन कैरिज फैक्ट्री ने तैयार किया प्रोटोटाइप, लॉन्ग प्रूफ रेंज में सफल परीक्षण

जबलपुर. भारतीय सेना की बोफोर्स तोप अब रात के अंधेरे में भी दुश्मन के ठिकानों पर सटीक निशाना लगाने में सक्षम होगी. जबलपुर स्थित 506 आर्मी बेस वर्कशॉप और गन कैरिज फैक्ट्री ने मिलकर तोप का आधुनिक प्रोटोटाइप तैयार किया है. इसमें स्वदेशी तकनीक से विकसित धनुष तोप का अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक साइटिंग सिस्टम लगाया गया है. नई प्रणाली से कम रोशनी में भी लक्ष्य को सटीक तरीके से निशाना बनाया जा सकेगा.

नई तकनीक से लैस प्रोटोटाइप का जबलपुर की लॉन्ग प्रूफ रेंज में सफल परीक्षण किया गया. अपग्रेडेशन के बावजूद बोफोर्स की मूल मारक क्षमता में बदलाव नहीं किया गया है. यह पहले की तरह करीब 30 किलोमीटर तक गोले दाग सकेगी.

धनुष के स्वदेशी सिस्टम से अपग्रेडेशन

बोफोर्स में धनुष तोप के लिए विकसित इलेक्ट्रॉनिक प्रणाली लगाई गई है. इससे इसकी साइटिंग व्यवस्था आधुनिक हुई है और रात में लक्ष्य पर निशाना साधने की क्षमता बढ़ेगी. सफल परीक्षण के बाद सेना में पहले से मौजूद बोफोर्स तोपों को इसी तकनीक से अपग्रेड करने का विकल्प खुला है.

नई खरीद के बजाय मौजूदा तोपों का आधुनिकीकरण

इस पहल से सेना अपनी मौजूदा बोफोर्स तोपों में आधुनिक सिस्टम लगाकर उनकी उपयोगिता बढ़ा सकेगी. इससे नई तोपों की खरीद पर निर्भरता कम करने और पुराने तोपखाने को मौजूदा सैन्य जरूरतों के अनुरूप बनाने में मदद मिल सकती है.

चार दशक से सेना के तोपखाने में शामिल

भारतीय सेना ने 1980 के दशक में बोफोर्स होवित्जर तोपें खरीदी थीं. करीब चार दशक से ये सेना के तोपखाने का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं. कारगिल युद्ध में भी इनका अहम योगदान रहा था. अब स्वदेशी तकनीक के इस्तेमाल से इनके आधुनिकीकरण की दिशा में कदम बढ़ाया गया है.

जबलपुर में होती है ओवरहॉलिंग

देश में बोफोर्स तोपों की ओवरहॉलिंग का काम जबलपुर की 506 आर्मी बेस वर्कशॉप में किया जाता है. इसी वर्कशॉप ने गन कैरिज फैक्ट्री के साथ मिलकर नया प्रोटोटाइप तैयार किया है. इसका सफल परीक्षण रक्षा उपकरणों के आधुनिकीकरण में जबलपुर की दोनों इकाइयों की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाता है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-