जबलपुर. त्योहारों और अवकाश के व्यस्त दौर में भी कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के जबलपुर क्षेत्रीय कार्यालय ने अपने कामकाज की रफ्तार बनाए रखी. कार्यालय ने 1 से 12 नवंबर 2026 के बीच प्राप्त 9472 ऑनलाइन दावों का निपटारा करते हुए भविष्य निधि सदस्यों को करीब 30.44 करोड़ रुपये का भुगतान किया. संगठन का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य त्योहारों के दौरान सदस्यों को उनकी जरूरत की राशि समय पर उपलब्ध कराना था.
तीन दिन में निपटाए गए 80 प्रतिशत से अधिक दावे
क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-1 कैलाश चंद्र जोशी ने बताया कि कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए थे कि त्योहारों के दौरान प्राप्त दावों का जल्द से जल्द निराकरण किया जाए. इसी प्रयास के तहत कुल 9472 दावों में से 80 प्रतिशत से अधिक का निपटारा तीन दिनों के भीतर कर दिया गया, जबकि शेष दावों का समाधान सात दिनों में किया गया.
जोशी के अनुसार, कार्यालय का प्रयास है कि भविष्य में प्राप्त सभी दावों का निपटारा तीन कार्यदिवसों के भीतर सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य निधि सदस्यों को भुगतान के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े.
27 नवंबर को 19 जिलों में लगेंगे शिविर
क्षेत्रीय आयुक्त ने बताया कि प्रत्येक महीने की तरह 27 नवंबर 2026 को भी ‘निधि आपके निकट’ शिविर आयोजित किए जाएंगे. जबलपुर क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकार क्षेत्र में आने वाले 19 जिलों में जिला प्रशासन के सहयोग से कलेक्टरेट परिसर या किसी उपयुक्त संस्थान में ये शिविर लगाए जाएंगे.
इन शिविरों में भविष्य निधि सदस्य, पेंशनभोगी और नियोक्ता अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे तथा समस्याओं के निराकरण के लिए अधिकारियों के सामने अपना पक्ष रख सकेंगे. इसके अलावा EPFO के ऑनलाइन शिकायत निवारण माध्यम EPFiGMS के जरिए भी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध रहेगी.
इन जिलों में होंगे शिविर: सतना, शहडोल, कटनी, सिंगरौली, छिंदवाड़ा, रीवा, उमरिया, मंडला, डिंडौरी, नरसिंहपुर, अनूपपुर, बालाघाट, सिवनी, सीधी और पन्ना सहित क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकार क्षेत्र के 19 जिले.
EPFO की इस पहल का उद्देश्य दावों के त्वरित भुगतान के साथ सदस्यों, पेंशनभोगियों और नियोक्ताओं की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करना है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

