होर्मुज जलडमरूमध्य में दो तेल टैंकरों में विस्फोट, आग लगी; ईरान ने बारूदी सुरंगों से टकराने का किया दावा

होर्मुज जलडमरूमध्य में दो तेल टैंकरों में विस्फोट, आग लगी; ईरान ने बारूदी सुरंगों से टकराने का किया दावा

प्रेषित समय :13:38:02 PM / Sat, Nov 14th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

तेहरान. ईरान और ओमान के बीच स्थित स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में दो तेल टैंकरों में जोरदार धमाके हुए, जिसके बाद जहाजों में आग लग गई. ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स नेवी (IRGC) ने दावा किया है कि दोनों टैंकर समुद्र में बिछाई गई बारूदी सुरंगों से टकराए थे. ईरान के सरकारी टीवी ने शुक्रवार को इस घटना की जानकारी दी.

IRGC के मुताबिक, दोनों तेल टैंकर होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान वे समुद्र में बिछी बारूदी सुरंगों की चपेट में आ गए. टक्कर के बाद दोनों जहाजों में विस्फोट हुआ और आग लग गई.ईरान के सरकारी टीवी के अनुसार, दोनों टैंकरों ने इस समुद्री मार्ग से गुजरने से पहले ईरानी अधिकारियों के साथ जरूरी समन्वय नहीं किया था. IRGC ने इसी को घटना की वजह बताया है. हालांकि, ईरान के इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.

वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए अहम है होर्मुज मार्ग

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज ईरान और ओमान के बीच स्थित एक महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है, जो फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी से जोड़ता है. सऊदी अरब, इराक, कुवैत, कतर और संयुक्त अरब अमीरात जैसे तेल एवं गैस उत्पादक देशों से बड़ी मात्रा में ऊर्जा आपूर्ति इसी रास्ते से दुनिया के अन्य हिस्सों तक पहुंचती है.

भौगोलिक रूप से संकरा होने के बावजूद यह जलमार्ग वैश्विक तेल कारोबार के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. यहां जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की आपूर्ति और कीमतों पर असर पड़ सकता है.फिलहाल, दोनों टैंकरों में विस्फोट और उनके बारूदी सुरंगों से टकराने की जानकारी ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स नेवी के दावे पर आधारित है. घटना के कारणों की स्वतंत्र पुष्टि और अन्य विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-