गुरुग्राम. हरियाणा के गुरुग्राम जिले के पटौदी स्थित रामलीला मैदान में रविवार तड़के भीषण अग्निकांड हो गया. यहां लगी मौसमी वूलन मार्केट की करीब 25 दुकानें आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गईं. हादसे में दुकानों में रखा लाखों रुपये का गर्म कपड़ों का सामान राख हो गया. आग इतनी तेजी से फैली कि दुकानदारों को सामान बचाने तक का मौका नहीं मिला. सूचना मिलते ही पटौदी और मानेसर से दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. इस घटना से हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से आए दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है.
नवंबर से फरवरी तक लगती है मौसमी मार्केट
जानकारी के अनुसार, पटौदी के रामलीला मैदान के पूर्वी हिस्से में हर साल नवंबर से फरवरी तक वूलन मार्केट लगाई जाती है. इस बार हिमालय ट्राइबल ट्रेड एसोसिएशन के तत्वावधान में 4 नवंबर से बाजार शुरू हुआ था. यहां मुख्य रूप से हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के दुकानदार गर्म कपड़ों की बिक्री कर रहे थे. दुकानदारों के मुताबिक, प्रत्येक दुकान में लाखों रुपये का नया माल रखा हुआ था. सर्दी का मौसम पूरी तरह शुरू नहीं होने के कारण अभी बिक्री भी कम हुई थी. ऐसे में अधिकांश सामान दुकानों में ही रखा था, जो आग में पूरी तरह नष्ट हो गया.
सुबह 4 बजे लगी आग, दुकानदारों ने जताई साजिश की आशंका
बताया जा रहा है कि रविवार सुबह करीब 4 बजे एक स्थानीय महिला ने संदिग्ध आवाजें सुनीं. बाहर निकलकर देखने पर उसे पूरी मार्केट आग की लपटों से घिरी दिखाई दी. महिला ने आसपास के लोगों को जगाया, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी.
दुकानदारों का कहना है कि रामलीला मैदान में बिजली के तार नहीं थे और न ही दुकानों के अंदर गैस चूल्हे या आग जलाने का कोई अन्य इंतजाम था. ऐसे में आग लगने की वजह को लेकर उन्होंने सवाल उठाए हैं और शरारत या साजिश की आशंका जताई है. हालांकि, आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस और प्रशासन की टीम मामले की जांच कर रही है. जांच के बाद ही अग्निकांड की वजह सामने आ सकेगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

