जबलपुर. भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में पूरे देश में मनाए जा रहे 'जनजातीय गौरव दिवस' के पावन अवसर पर केंद्रीय जेल, जबलपुर से एक मानवीय और सकारात्मक पहल देखने को मिली है. मध्यप्रदेश शासन एवं जेल मुख्यालय के दिशा-निर्देशों के तहत, आज आजीवन कारावास की सजा काट रहे तीन पात्र बंदियों को उनके अच्छे आचरण और निर्धारित सजा अवधि पूर्ण करने के आधार पर विशेष परिहार (छूट) का लाभ देते हुए रिहा किया गया.
इन बंदियों को रिहा करने का मुख्य उद्देश्य उन्हें अपराध की दुनिया से दूर कर समाज की मुख्यधारा से पुन: जोडऩा और एक सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर देना है. इस विशेष अवसर पर जेल प्रशासन द्वारा रिहा किए गए सभी बंदियों को उनके द्वारा जेल में किए गए श्रम की पारिश्रमिक राशि के चेक भेंट किए गए, ताकि वे अपने नए जीवन की शुरुआत आर्थिक संबल के साथ कर सकें. साथ ही, उन्हें उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दी गईं. रिहाई की इस प्रक्रिया के दौरान जेल अधिकारियों ने सभी बंदियों को समाज में एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में जीवनयापन करने तथा भविष्य में कभी भी अपराध की तरफ न मुडऩे की शपथ दिलाई. जेल प्रशासन का यह कदम न केवल बंदियों के पुनर्वास की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है, बल्कि यह न्याय और सुधारवादी दृष्टिकोण का एक बेहतरीन उदाहरण भी प्रस्तुत करता है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

