जबलपुर. मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने अपनी पारेषण क्षमता में वृद्धि करते हुए 132 केवी सबस्टेशन रामपुर बाघेलान(सतना )में 50 एमवीए क्षमता का अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर ऊर्जीकृत किया है. इसके साथ ही एमपी ट्रांसको के नेटवर्क में 132 केवी वोल्टेज स्तर का प्रदेश का 800वां पावर ट्रांसफार्मर शामिल हो गया है. ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने इस उपलब्धि पर एमपी ट्रांसको के अधिकारियों एवं कार्मिकों को बधाई दी है.
ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने बताया कि रामपुर बाघेलान सबस्टेशन में पूर्व से दो पावर ट्रांसफार्मर क्रियाशील थे. पिछले रबी सीजन में सिंचाई के लिए विद्युत मांग एवं लोड में वृद्धि के कारण यहां अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर की आवश्यकता महसूस की गई. इसके मद्देनजर लगभग 7.18 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 50 एमवीए क्षमता का तीसरा पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर ऊर्जीकृत किया गया है. इससे क्षेत्र में बढ़ती विद्युत मांग की पूर्ति में मदद मिलेगी तथा उपभोक्ताओं को उचित वोल्टेज पर गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने में सुविधा होगी. सब स्टेशन की क्षमता अब 130 एम वी की हो गई है.
प्रदेश की कुल ट्रांसफार्मेशन क्षमता 85,758 एमवीए हुई--एमपी ट्रांसको के अधीक्षण अभियंता एम पी पटेल ने बताया कि इस अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर के ऊर्जीकृत होने के साथ ही प्रदेश में एमपी ट्रांसको के क्रियाशील पावर ट्रांसफार्मरों की कुल संख्या बढ़कर 1061 हो गई है. इनमें 400 केवी स्तर के 41, 220 केवी स्तर के 220 तथा 132 केवी स्तर के 800 पावर ट्रांसफार्मर शामिल हैं. इनकी कुल ट्रांसफार्मेशन क्षमता अब बढ़कर 85,758 एमवीए हो गई है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

