मुंबई. मजबूत वैश्विक संकेतों के बीच सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ. बीएसई सेंसेक्स 512 अंक से अधिक चढ़ा, जबकि एनएसई निफ्टी में भी करीब 147 अंकों की तेजी दर्ज की गई. हालांकि, मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भारी बिकवाली के चलते निवेशकों की संपत्ति में करीब 2.15 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई.
कारोबार के अंत में सेंसेक्स 512.34 अंक यानी 0.63 प्रतिशत की बढ़त के साथ 82,104.79 अंक पर बंद हुआ. वहीं, निफ्टी 50 भी 146.80 अंक यानी 0.58 प्रतिशत चढ़कर 25,291.10 अंक पर पहुंच गया. दिन की शुरुआत से ही बाजार में सकारात्मक रुख रहा. सेंसेक्स पिछले कारोबारी सत्र के 81,592.45 अंक के मुकाबले 218.53 अंक की बढ़त के साथ 81,810.98 पर खुला. कारोबार के दौरान इसने 719.20 अंक की छलांग लगाते हुए 82,311.65 का उच्चतम स्तर छुआ. इसी तरह निफ्टी भी 25,206.15 अंक पर खुला और कारोबार के दौरान 25,337.60 के स्तर तक पहुंच गया.
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में बिकवाली
प्रमुख सूचकांकों में तेजी के बावजूद व्यापक बाजार में कमजोरी रही. निफ्टी मिडकैप 100 में 0.51 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 1.10 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई. इन शेयरों में मुनाफावसूली के कारण निवेशकों को नुकसान उठाना पड़ा.सेक्टोरल इंडेक्स में निफ्टी एफएमसीजी 1.87 प्रतिशत की बढ़त के साथ सबसे आगे रहा. निफ्टी बैंक में भी 0.89 प्रतिशत की तेजी आई. इसके विपरीत ऑटो, रियल्टी और फार्मा सेक्टर के शेयरों में दबाव देखने को मिला.
वैश्विक अनिश्चितता के बीच निवेशक सतर्क
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, भारतीय शेयर बाजार हालिया ऊंचे स्तरों के आसपास कारोबार कर रहा है. वैश्विक परिस्थितियों में अनिश्चितता और महंगाई की चिंताओं के चलते निवेशक फिलहाल सतर्क रुख अपना रहे हैं. बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी और दिसंबर में प्रमुख केंद्रीय बैंकों की ब्याज दरों को लेकर बनी अनिश्चितता भी निकट अवधि में बाजार की तेजी को सीमित कर सकती है.
हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में हालिया गिरावट से बाजार को कुछ राहत मिली है. दिग्गज कंपनियों और बैंकिंग शेयरों में खरीदारी से सेंसेक्स और निफ्टी को समर्थन मिला. वहीं, वैश्विक अनिश्चितता के बीच एफएमसीजी और हेल्थकेयर जैसे रक्षात्मक क्षेत्रों के शेयरों में भी निवेशकों की दिलचस्पी बनी रही. विशेषज्ञों का मानना है कि विदेशी संस्थागत निवेशकों की खरीदारी में संभावित सुधार, कंपनियों की मजबूत कमाई और वित्त वर्ष 2027-28 के अनुमानों में बड़े बदलाव की आशंका नहीं होने से लंबी अवधि में बाजार का रुख सकारात्मक रह सकता है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

