अंबिकापुर. छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में पशु क्रूरता का एक गंभीर मामला सामने आया है. यहां कुछ नाबालिग बच्चों पर छह पिल्लों को कथित तौर पर बेरहमी से पीटने के बाद बोरी में बंद कर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का आरोप है. घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया है. पिल्लों के अधजले शव काफी देर तक घटनास्थल पर पड़े रहे, जिन्हें आवारा कुत्ते नोचते रहे.
सीसीटीवी फुटेज में आग लगाते दिखे बच्चे
वायरल सीसीटीवी फुटेज में पांच से छह बच्चे एक खाली मैदान में नजर आ रहे हैं. शुरुआत में वे वहां खेलते दिखाई देते हैं. मैदान में एक सफेद बोरी रखी हुई थी, जिसमें बाद में आग लगा दी गई. फुटेज में बच्चे बार-बार आग के पास पहुंचकर कचरा और अन्य ज्वलनशील सामग्री डालते नजर आते हैं. करीब दो मिनट तक आग को भड़काने की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं. आरोप है कि इसी बोरी में छह पिल्लों को बंद कर आग के हवाले किया गया.
अधजले शव देखकर पशु प्रेमियों को दी सूचना
घटना का खुलासा शुक्रवार को हुआ, जब स्थानीय लोगों ने मैदान में पिल्लों के अधजले शव पड़े देखे. आवारा कुत्ते शवों को नोच रहे थे. यह दृश्य देखकर लोगों ने पशु प्रेमियों को सूचना दी. इसके बाद बेजुबान डॉग शेल्टर के संस्थापक सुधांशु शर्मा मौके पर पहुंचे. उन्होंने पिल्लों के शवों को वहां से हटवाया और गांधीनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने नाबालिगों की पहचान की, परिजनों को बुलाया
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल बताए जा रहे नाबालिगों की पहचान की है. उनके परिजनों को थाने बुलाकर मामले की जानकारी दी गई. पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी बच्चे नाबालिग हैं. उनकी उम्र और कथित संलिप्तता को देखते हुए किशोर न्याय कानून के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया पर विचार किया जा रहा है. इस घटना ने पशुओं के प्रति क्रूरता और बच्चों में जीवों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने की जरूरत को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

