दमोह/जबलपुर. मध्यप्रदेश के दमोह में सोमवार तड़के कार सवार महिला से छेड़छाड़ और उसके पति व परिजनों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. घटना सुबह करीब 4 बजे जबलपुर नाका चौकी क्षेत्र के आम चौपरा स्थित महाराजा पैलेस के पास हुई. आरोप है कि कार सवार युवकों ने परिवार की गाड़ी का पीछा कर महिला से छेड़छाड़ की. विरोध करने पर पति और अन्य परिजनों के साथ मारपीट कर दी. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
तेजगढ़ से कर रहे थे पीछा
जानकारी के अनुसार, पीड़ित दंपती दो परिजनों के साथ कार से जबलपुर से दमोह लौट रहा था. इसी दौरान तेजगढ़ से दमोह पासिंग स्विफ्ट कार में सवार कुछ लोग उनका पीछा करने लगे. आरोपियों ने अपनी कार कभी आगे तो कभी पीछे लगाकर परिवार को परेशान किया. इस दौरान महिला के साथ छेड़छाड़ भी की गई.
विरोध करने पर की मारपीट
बायपास के पास आरोपियों ने पीड़ित परिवार की कार के आगे अपना वाहन लगा दिया. आरोप है कि इस दौरान एक युवक ने महिला का हाथ पकड़कर उसे खींचने की कोशिश की. पति ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. कार से बाहर आए अन्य परिजनों ने बीच-बचाव किया तो उनके साथ भी मारपीट की गई. इसके बाद आरोपी मंडी की ओर फरार हो गए.
चौकी में दिया आवेदन
घटना के बाद पीड़ित परिवार जबलपुर नाका चौकी पहुंचा और पुलिस को आवेदन देकर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की. शिकायत देने के बाद परिवार सागर की ओर रवाना हो गया.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

