मैहर. जबलपुर से घूमकर सिंगरौली लौट रहे तीन युवक रविवार रात मैहर में सड़क हादसे का शिकार हो गए. नेशनल हाईवे-30 पर तेज रफ्तार वरना कार आगे चल रहे टैंकर के पिछले हिस्से में जा घुसी. टक्कर के बाद कार टैंकर के साथ करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई. इसके बाद कार में आग लग गई. हादसे में तीनों युवक घायल हो गए, जबकि आग से कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई.
हादसा रात करीब 9:30 बजे सिमरन सरोवर होटल के पास हुआ. कार (एमपी 66 जेडसी 4783) में सवार तीनों युवक जबलपुर से घूमकर अपने घर बैढऩ, सिंगरौली लौट रहे थे. कार को टैंकर के साथ घिसटता देख चालक ने वाहन रोक दिया. इसी दौरान कार में आग लग गई. तीनों युवक किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे.
पुलिस और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया. इस दौरान वहां से गुजर रहे युवा कांग्रेस के मैहर जिला अध्यक्ष सौरभ लल्ला शर्मा भी अपने साथियों के साथ रुक गए और राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया. जली हुई कार को सड़क से हटाने के बाद यातायात बहाल कराया गया.
तीनों घायलों का निजी अस्पताल में इलाज जारी
घायलों की पहचान विक्रमादित्य पांडेय (30), पिता रोहणी प्रसाद पांडेय, आशीष कुमार पांडेय (40), पिता हनुमान प्रसाद पांडेय और शिवेंद्र पांडेय (32), पिता सुशील कुमार पांडेय के रूप में हुई है. तीनों सिंगरौली जिले के बैढऩ के निवासी हैं. कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार के मुताबिक, तीनों को मैहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

