न्यायपालिका पर टिप्पणियों को लेकर संजय राउत को सुप्रीम कोर्ट की फटकार, नए हलफनामे का आदेश

न्यायपालिका पर टिप्पणियों को लेकर संजय राउत को सुप्रीम कोर्ट की फटकार, नए हलफनामे का आदेश

प्रेषित समय :17:51:44 PM / Tue, Nov 17th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली. न्यायपालिका के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने शिवसेना (UBT) के राज्यसभा सांसद संजय राउत को कड़ी फटकार लगाई है. बुधवार को सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि एक वरिष्ठ सांसद और अनुभवी राजनेता होने के नाते राउत को सार्वजनिक जीवन में संयम और जिम्मेदारी का महत्व समझना चाहिए. कोर्ट ने उनकी माफी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि माफी केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि दिल से मांगी जानी चाहिए.

माफी पर कोर्ट ने जताई नाराजगी
जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की पीठ सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) की ओर से दायर आपराधिक अवमानना याचिका पर सुनवाई कर रही थी. यह याचिका संजय राउत और वरिष्ठ पत्रकार निखिल वागले के खिलाफ मुख्य न्यायाधीश (CJI) और न्यायपालिका की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणियों के आरोप में दायर की गई है.

सुनवाई के दौरान जस्टिस अरविंद कुमार ने राउत के आचरण पर नाराजगी जताते हुए कहा कि वे लंबे समय से उनके भाषण सुनते आ रहे हैं. वे एक परिपक्व राजनेता, अनुभवी सांसद और पत्रकारिता जगत से जुड़े रहे हैं. ऐसे में उनसे सार्वजनिक जीवन में संयम बरतने की अपेक्षा की जाती है.

माफी के बाद की पोस्ट पर भी उठे सवाल
SCBA के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता प्रदीप राय ने अदालत को बताया कि राउत ने पहले की टिप्पणियों के लिए माफी मांगी थी, लेकिन इसके बाद भी सोशल मीडिया पर न्यायपालिका को निशाना बनाने वाली पोस्ट साझा कीं.

राय ने ऐसी पोस्ट का हवाला दिया, जिनमें आरोप लगाया गया था कि भाजपा ने लोकतंत्र, न्यायपालिका, केंद्रीय जांच एजेंसियों और चुनाव आयोग को अपने नियंत्रण में ले लिया है. उन्होंने राउत की ओर से साझा की गई एक तस्वीर का भी उल्लेख किया, जिसमें प्रदर्शनकारियों को अल्बानिया के सुप्रीम कोर्ट में आग लगाते हुए दिखाया गया था. SCBA की ओर से दलील दी गई कि इस तस्वीर के जरिए भारतीय सर्वोच्च न्यायालय के प्रति भी परोक्ष संदेश देने की कोशिश की गई.

नया हलफनामा दाखिल करने का निर्देश
SCBA अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राउत ने अपने हलफनामे में माफी के बाद की गई नई सोशल मीडिया पोस्ट का उल्लेख नहीं किया. उन्होंने उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की.

इन दलीलों पर विचार करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने राउत को निर्देश दिया कि वे संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट पर अपना पक्ष स्पष्ट करते हुए नया हलफनामा दाखिल करें. अदालत ने कहा कि हलफनामे पर विचार करने के बाद ही आगे की कार्यवाही तय की जाएगी.

निखिल वागले ने मांगी कार्यवाही बंद करने की राहत
सुनवाई के दौरान पत्रकार निखिल वागले की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता इंदिरा जयसिंह ने बताया कि वागले विवादित पोस्ट हटा चुके हैं और CJI तथा सुप्रीम कोर्ट से बिना शर्त माफी मांग चुके हैं. उन्होंने इसी आधार पर उनके खिलाफ कार्यवाही समाप्त करने का आग्रह किया.

वहीं, संजय राउत के वकील ने उनकी टिप्पणियों का बचाव नहीं किया. उन्होंने अदालत से राउत की कैंसर और हृदय रोग संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं तथा चल रहे इलाज को ध्यान में रखते हुए मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की अपील की.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-