इंदौर में इंस्टाग्राम दोस्ती के बाद छात्रा से दुष्कर्म का आरोप, फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल

इंदौर में इंस्टाग्राम दोस्ती के बाद छात्रा से दुष्कर्म का आरोप, फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल

प्रेषित समय :19:01:32 PM / Tue, Nov 17th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

इंदौर. मध्य प्रदेश के इंदौर में महिलाओं के खिलाफ अपराध से जुड़े कई मामले सामने आए हैं. अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने दुष्कर्म की शिकायतों पर चार प्रकरण दर्ज किए हैं. इनमें एक मामला 18 वर्षीय प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा से जुड़ा है. युवती ने इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क में आए युवक पर दुष्कर्म और आपत्तिजनक तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है.

इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती, फिर ब्लैकमेलिंग का आरोप

मनभावन नगर निवासी 18 वर्षीय युवती की पहचान शुभ लाभ वैली, आशीष नगर निवासी विकास मिश्रा से इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी. शिकायत के मुताबिक, दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और बाद में 56 दुकान क्षेत्र के एक कैफे में मुलाकात हुई.

युवती का आरोप है कि विकास उसे दबाव बनाकर अपने घर ले गया, जहां उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए. इस दौरान उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो भी बना लिए गए. पीड़िता ने आरोप लगाया कि बाद में इन तस्वीरों और वीडियो को सार्वजनिक करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल किया जाने लगा.

शिकायत में 25 अक्टूबर को दोबारा जबरदस्ती करने की कोशिश किए जाने की बात भी कही गई है. इसके बाद युवती ने परिजनों को पूरी घटना बताई और तिलक नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

शादी का वादा कर संबंध बनाने का आरोप

दूसरा मामला तेजाजी नगर थाना क्षेत्र का है. यहां 32 वर्षीय महिला ने गणेश सुरागे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. महिला के मुताबिक, आरोपी ने शादी करने का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए थे. पुलिस ने शिकायत के आधार पर दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज किया है.

महिला थाना और तुकोगंज में भी दर्ज हुई FIR

इंदौर के महिला थाने में बाणगंगा निवासी 45 वर्षीय महिला की शिकायत पर गोपालराव पुत्र रमेश राय सोनेने, निवासी सुंदर नगर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.

वहीं, तुकोगंज थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय युवती की शिकायत पर संदीप पुत्र राजाराम जिनवाल, निवासी मालवा मील के खिलाफ दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज किया गया है.

चारों मामलों की जांच में जुटी पुलिस

शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज इन मामलों के बाद पुलिस संबंधित शिकायतों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि प्रत्येक मामले में शिकायतकर्ताओं के आरोपों और परिस्थितियों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-