नई दिल्ली। सऊदी अरब में बढ़ती सुरक्षा चिंताओं के बीच IndiGo ने अपनी उड़ान सेवाओं को लेकर बड़ा फैसला किया है। एयरलाइन ने 30 नवंबर तक जेद्दा, मदीना, रियाद और दम्माम के लिए आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं। इस फैसले से सऊदी अरब और भारत के बीच हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
IndiGo ने बताया कि उड़ानें रद्द होने से प्रभावित यात्रियों को उनकी बुकिंग के दौरान दिए गए मोबाइल नंबर और ई-मेल के माध्यम से सूचना भेजी जा रही है। एयरलाइन क्षेत्र की मौजूदा स्थिति पर लगातार नजर रख रही है और सुरक्षा संबंधी घटनाक्रमों का आकलन कर रही है। कंपनी ने कहा है कि यात्रियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मिसाइल और ड्रोन हमलों की आशंका से बढ़ी सतर्कता
सऊदी अरब में हाल के दिनों में सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ी हैं। विभिन्न शहरों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बनाए जाने की आशंकाओं के बीच मिसाइल और ड्रोन हमलों को लेकर सतर्कता बढ़ाई गई है। क्षेत्रीय हालात को देखते हुए विमानन कंपनियां भी अपने परिचालन की समीक्षा कर रही हैं। इसी क्रम में कई एयरलाइंस ने उड़ानें स्थगित करने और उनके शेड्यूल में बदलाव करने का निर्णय लिया है।
एअर इंडिया और अकासा एअर ने भी बढ़ाया निलंबन
IndiGo के अलावा अन्य भारतीय विमानन कंपनियों ने भी सऊदी अरब के लिए अपनी सेवाओं पर पाबंदियां बढ़ाई हैं। एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने रियाद और दम्माम के लिए उड़ानें 30 नवंबर तक स्थगित कर दी हैं। वहीं, जेद्दा के लिए उनकी सेवाएं भी अलग-अलग समयसीमा के तहत प्रभावित हैं।
इसी तरह अकासा एअर ने जेद्दा और रियाद के लिए अपनी उड़ानों का निलंबन नवंबर के अंत तक बढ़ा दिया है। लगातार बढ़ते व्यवधान के कारण सऊदी अरब आने-जाने वाले यात्रियों को वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था करनी पड़ सकती है।
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

