डिब्रूगढ़. असम के डिब्रूगढ़ जिले में ऑनलाइन गेमिंग की लत और कर्ज के चलते तीन लोगों की हत्या का मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, पिता से उधार लिए 4 लाख रुपये ऑनलाइन गेमिंग में गंवाने के बाद एक केयरटेकर ने अपने साथी के साथ मिलकर मकान मालिक के परिवार के तीन सदस्यों की हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपियों ने घर में लूटपाट की और घटना को चोरी का रूप देने की कोशिश की. हालांकि, पुलिस ने भागने की तैयारी कर रहे दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने आरोपियों की पहचान 30 वर्षीय राजू दास और अमीर दास के रूप में की है. राजू इसी मकान में केयरटेकर और किराएदार के तौर पर रहता था. उसने अपने पिता से 4 लाख रुपये उधार लिए थे, लेकिन पूरी रकम ऑनलाइन गेमिंग में गंवा दी. कर्ज चुकाने के दबाव में उसने लूट की योजना बनाई और अपने साथी अमीर को भी इसमें शामिल कर लिया.
लोहे की रॉड और हथौड़े से किया हमला
वारदात डुलियाजान के कमलाबाड़ी इलाके की है. यहां रहने वाले ऑयल इंडिया लिमिटेड के सेवानिवृत्त अधिकारी चंद्रकांत भुइयां, उनकी पत्नी एलिजा भुइयां और बेटी निहारिका के शव घर से बरामद हुए थे.
प्रारंभिक जांच के अनुसार, दोनों आरोपी सुबह करीब 8:30 बजे घर में दाखिल हुए और दोपहर 12:15 बजे के आसपास बाहर निकले. आरोप है कि उन्होंने परिवार के सदस्यों पर लोहे की रॉड और हथौड़े से हमला किया. हमले में सबसे पहले एलिजा भुइयां की हत्या की गई. इसके बाद उनकी बेटी निहारिका और चंद्रकांत भुइयां को भी मार डाला गया.
हत्या के बाद नकदी और जेवर लेकर हुए फरार
तीनों की हत्या के बाद आरोपी घर से नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हो गए. पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात से करीब तीन दिन पहले दोनों फोन पर लगातार संपर्क में थे. इसी दौरान उन्होंने कथित तौर पर हत्या और लूट की साजिश रची थी.
वारदात के बाद दोनों डिब्रूगढ़ से गुवाहाटी होते हुए बेंगलुरु भागने की तैयारी में थे. इसके लिए उन्होंने ट्रेन से सफर करने की योजना बनाई, लेकिन पुलिस ने उनकी कोशिश नाकाम कर दी.
अवध असम एक्सप्रेस में सवार होने से पहले पकड़े गए
पुलिस ने मंगलवार को शिवसागर जिले के सिमालुगुरी रेलवे स्टेशन से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया. दोनों गुवाहाटी जाने वाली अवध असम एक्सप्रेस में सवार होने की कोशिश कर रहे थे. पूछताछ में उन्होंने कथित तौर पर वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.
पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 15 हजार रुपये नकद, लगभग 2.5 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

