साबरकांठा. गुजरात के साबरकांठा जिले में पुलिस विभाग को झकझोर देने वाला हत्याकांड सामने आया है. यहां एक महिला हेड कांस्टेबल पर अपने ही थाने में तैनात असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) की हत्या करने और पहचान मिटाने के लिए उसके शव को कार में रखकर आग लगाने का आरोप है. पुलिस जांच के मुताबिक, प्रेम संबंधों में बढ़ते विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया. मामले में महिला पुलिसकर्मी सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
अरावली लोकल क्राइम ब्रांच (LCB) ने जांच के दौरान इस पूरे घटनाक्रम का पर्दाफाश किया. गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी महिला हेड कांस्टेबल अल्फा कलसवा (37), उसका भाई कल्पेश कलसवा, पंकज और मनोज निनामा शामिल हैं.
ड्यूटी के लिए निकले ASI, फिर नहीं लौटे घर
मृतक की पहचान अरावली जिले के भिलोडा तालुका के जिंझोडी गांव निवासी अश्विन तबियाद के रूप में हुई है. वह चिथोडा पुलिस स्टेशन में इंस्पेक्टर के पर्सनल राइटर के रूप में कार्यरत थे. जानकारी के मुताबिक, 8 नवंबर की रात करीब 10:15 बजे वह अपनी मारुति अर्टिगा कार लेकर ड्यूटी के लिए घर से निकले थे. इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला.
10 नवंबर को पादरा गांव के पास हथमाती नदी के किनारे एक जली हुई अर्टिगा कार बरामद हुई. कार के अंदर मानव अवशेष मिले. मृतक के पिता बाबू तबियाद ने इन अवशेषों को अपने बेटे का होने की आशंका जताई.
रिश्ता खत्म करना चाहती थी महिला हेड कांस्टेबल
पुलिस की जांच में सामने आया कि अश्विन तबियाद और उसी थाने में तैनात महिला हेड कांस्टेबल अल्फा कलसवा के बीच प्रेम संबंध थे. पुलिस के अनुसार, अल्फा इस रिश्ते को खत्म करना चाहती थी, जबकि अश्विन संबंध बनाए रखने का दबाव डाल रहे थे. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था.
आरोप है कि 8 नवंबर की रात अल्फा ने अश्विन को अपने चिथोडा स्थित किराए के मकान पर बुलाया. यहां रात के दौरान उनकी हत्या कर दी गई.
भाई और रिश्तेदारों की मदद से शव ठिकाने लगाने की साजिश
अरावली के पुलिस अधीक्षक मनोहरसिंह जडेजा के मुताबिक, हत्या के बाद अल्फा ने अपने भाई कल्पेश को फोन कर बुलाया. कल्पेश अपने चचेरे भाई पंकज के साथ मारुति ईको कार से वहां पहुंचा. इसके बाद तीनों ने शव को बोरे में बंद कर मकान में छिपा दिया.
आरोपियों ने बाद में मृतक की अर्टिगा कार को कनादार गांव के बाहरी इलाके में एक मंदिर के पास सुनसान स्थान पर खड़ा कर दिया. रात होने पर कल्पेश ने अपने दोस्त मनोज निनामा को भी बुला लिया. चारों आरोपी ईको कार से शव लेकर वहां पहुंचे और उसे अर्टिगा कार में रख दिया.
इसके बाद मनोज अर्टिगा कार चलाकर पादरा गांव की तरफ निकला, जबकि अल्फा और कल्पेश दूसरी कार से पीछे चलते रहे. हथमाती नदी के पास पहुंचने पर आरोपियों ने कार पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. पुलिस के मुताबिक, इस पूरी योजना का मकसद हत्या के सबूत मिटाना और मृतक की पहचान छिपाना था.
CCTV फुटेज ने खोला हत्या का राज
जांच के दौरान पुलिस ने अरावली और साबरकांठा जिलों के अलग-अलग इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को आरोपियों की गतिविधियों का पता चला.
जांच में विजय नगर के एक पेट्रोल पंप का सुराग भी मिला, जहां आरोपियों ने ईको कार का इस्तेमाल करते हुए एक कैन में पेट्रोल खरीदा था. इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने चारों संदिग्धों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया.
फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

