जबलपुर/सिवनी. एमपी के सिवनी स्थित होटल में ठहरे प्रेमी जोड़े को गांजे के केस झूठे केस में फंसाने की धमकी और होटल संचालक से मासिक वसूली के आरोपों से घिरे एएसपी दीपक मिश्रा, एसडीओपी चंचलेश मरकाम, टीआई सहित 6 पुलिसकर्मी हैं.
होटल संचालक ने साउंड रिकॉर्डिंग वाले हिडन कैमरे से इनका स्टिंग किया था. इसकी 1.15 मिनटी की रिकॉर्डिंग है. फुटेज वायरल होने के बाद बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक्शन लिया. उन्होंने मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस की वर्दी में अनुशासनहीनता और कदाचार स्वीकार्य नहीं है. प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने वाले प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी से जिम्मेदारी, मर्यादा और अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपेक्षा है. तलाशी और फंसाने की धमकी दे रहे थे:
बाबरिया रोड स्थित होटल सिद्धार्थ के संचालक संजय सनोडिया ने आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारी दो महीने से उन पर हर महीने 50 हजार रुपए देने का दबाव बना रहे थे. उन्होंने अक्टूबर में टीआई सतीश तिवारी को 20 हजार रुपए दिए भी थे, लेकिन पूरी रकम न देने पर 7, 8 और 9 अक्टूबर को लगातार तीन दिन पुलिस ने होटल की तलाशी ली और स्टाफ व ग्राहकों को धमकाया.
अलग-अलग अधिकारियों पर वसूली के दावे: संचालक ने यह भी दावा किया है कि कोतवाली टीआई सतीश तिवारी, एसडीओपी चंचलेश मरकाम और ट्रैफिक निरीक्षक विजय तिवारी की ओर से होटल चलाने के बदले हर महीने 25-25 हजार रुपए की मांग की जाती थी, जिसमें से वे तीनों को 10-10 हजार रुपए दे चुके हैं.
डीवीआर जब्त होने के डर से होटल मालिक ने लगाया हिडन कैमरा-
होटल संचालक संजय ने बताया कि जब भी पुलिसकर्मी होटल आते थे, वे सबूत मिटाने के लिए सीसीटीवी का डीवीआर जब्त कर ले जाते थे. इससे परेशान होकर उन्होंने इस बार होटल में एक हिडन (छिपा हुआ) कैमरा लगवाया. 13 नवंबर को जब एएसपी दीपक मिश्रा, एसडीओपी और टीआई पुलिस बल के साथ होटल पहुंचे तो उन्होंने एक डीवीआर तो जब्त कर लिया, लेकिन हिडन कैमरे का दूसरा डीवीआर बच गया. इसके वीडियो में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई. संजय ने बताया कि उन्होंने यह होटल यश मेश्राम को किराए पर दे रखा है, जिसके साथ अक्टूबर में पैसे न देने पर पुलिस ने मारपीट भी की थी.

