मुंबई. कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब को लेकर महाराष्ट्र में राजनीतिक विवाद गहरा गया है. शिवसेना के एकनाथ शिंदे गुट ने किताब की कुछ टिप्पणियों पर कड़ी आपत्ति जताते हुए राज्य में इसकी बिक्री और प्रकाशन पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है. पार्टी नेताओं का आरोप है कि किताब में स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर को लेकर की गई टिप्पणियां आपत्तिजनक हैं. साथ ही किताब के पेज नंबर 201 में लिखी बातों को लेकर भी बालासाहेब ठाकरे के सम्मान का मुद्दा उठाया गया है.
सावरकर को लेकर उठाए सवाल
शिंदे गुट के नेताओं ने मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सोनिया गांधी की किताब पर अपनी नाराजगी जाहिर की. उनका दावा है कि किताब में वीर सावरकर के अंग्रेजों को लिखे गए पत्रों और माफी मांगने से संबंधित उल्लेख किए गए हैं, जिन्हें वे सावरकर और महाराष्ट्र का अपमान मानते हैं.
नेताओं ने इस मामले में उद्धव ठाकरे की चुप्पी पर भी सवाल उठाए. उनका कहना है कि सावरकर को लेकर विवादित टिप्पणियों के बावजूद उद्धव ठाकरे की ओर से कोई स्पष्ट विरोध सामने नहीं आया है.
किताब के नाम पर भी कसा तंज
विरोध प्रदर्शन के दौरान शिंदे गुट के नेताओं ने किताब के शीर्षक 'Belonging of Love' पर भी निशाना साधा. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इसका नाम 'Belonging of Jihad' होना चाहिए. नेताओं ने आरोप लगाया कि किताब में हिंदुत्व से जुड़ी विचारधारा के खिलाफ बातें लिखी गई हैं.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में फाड़ी किताब, प्रतिबंध की मांग
विरोध के दौरान शिवसेना शिंदे गुट के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने किताब की प्रतियां फाड़कर अपना आक्रोश जताया. पार्टी नेता संजय निरुपम ने उद्धव ठाकरे से सवाल करते हुए कहा कि जब किताब में वीर सावरकर को लेकर आपत्तिजनक बातें लिखी गई हैं, तो इस पर उनकी प्रतिक्रिया क्यों नहीं आई?
निरुपम ने महाराष्ट्र सरकार से मांग की कि किताब के विवादित अंशों को देखते हुए पूरे राज्य में इस पर प्रतिबंध लगाया जाए.
आनंद दुबे ने भी जताई नाराजगी
शिवसेना नेता आनंद दुबे ने भी किताब की सामग्री पर आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि वीर सावरकर ने अपने जीवन में काफी यातनाएं झेली थीं और उनके बारे में इस तरह की बातें लिखना उचित नहीं है. उन्होंने किताब की सामग्री को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया.
फिलहाल इस विवाद ने महाराष्ट्र की राजनीति में एक नया मुद्दा खड़ा कर दिया है. किताब को लेकर शिंदे गुट और उद्धव ठाकरे के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के आसार हैं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

