नई दिल्ली. पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में भी दिखने लगा है. उत्तर भारत में तापमान तेजी से गिर रहा है और ठंड बढ़ने लगी है. वहीं, देश के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है. इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार (19 नवंबर) को 15 राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 85 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण भारत और पूर्वी तटीय क्षेत्रों में चक्रवात अकवान का असर भी देखने को मिल सकता है. वहीं, पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के चलते जनजीवन प्रभावित होने की आशंका जताई गई है.
शुक्रवार को तट से टकरा सकता है चक्रवात अकवान
IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान अकवान शुक्रवार (20 नवंबर) दोपहर तक उत्तरी आंध्र प्रदेश, यनम और दक्षिणी ओडिशा के तटवर्ती इलाकों को प्रभावित कर सकता है. मछलीपट्टनम से पुरी के बीच इसका प्रभाव अधिक रहने का अनुमान है. इस दौरान हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि कुछ क्षेत्रों में यह 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है. चक्रवात के प्रभाव से 19 और 20 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और ओडिशा में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की आशंका है. तटीय क्षेत्रों में तेज हवाओं और भारी बारिश को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है.
15 राज्यों में बारिश और तूफान की चेतावनी
मौसम विभाग ने गुरुवार को बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और त्रिपुरा में भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान की आशंका जताई है. इन राज्यों में तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर मौसम खराब रहने का अनुमान है. लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


