नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय उद्योग जगत से कर्मचारियों के कल्याण को प्राथमिकता देने और रोजगार के अवसर बढ़ाने की अपील की है. उन्होंने कंपनियों से कहा कि वे अपने कर्मचारियों की संख्या के साथ-साथ उनके वेतन में भी बढ़ोतरी करें. प्रधानमंत्री गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी में फिक्की की वार्षिक आम बैठक और सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे.
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार लगातार कारोबार को आसान बनाने के लिए कदम उठा रही है. उन्होंने कॉरपोरेट टैक्स में कटौती का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 2014 में यह दर 30 प्रतिशत थी, जिसे घटाकर 22 प्रतिशत किया गया है. उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान में 12 लाख रुपये तक की आय पर इनकम टैक्स नहीं लगता.
मोदी ने उद्योग जगत को भरोसा दिलाया कि देश में सुधारों की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है और सरकार इस सफर में कंपनियों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने को तैयार है. उन्होंने कहा कि पुरानी सरकारों के साथ उद्योग जगत के अनुभव भले ही अच्छे न रहे हों, लेकिन मौजूदा सरकार उद्योगों के साथ सहयोग और संवाद के लिए तैयार है.
प्रधानमंत्री ने कंपनियों से बिना किसी संकोच के सरकार को सुझाव भेजने की अपील की. उन्होंने कहा कि उद्योग जगत खुलकर बताए कि कारोबार और निवेश को बढ़ावा देने के लिए अभी किन सुधारों की जरूरत है.
2047 के विकसित भारत में उद्योगों की भूमिका अहम
प्रधानमंत्री ने कहा कि आगे बढ़ने के लिए समय-समय पर आत्मचिंतन करना जरूरी है. यह सिद्धांत केवल व्यक्तियों पर ही नहीं, बल्कि उद्योगों और पूरे देश पर भी लागू होता है. उन्होंने कंपनियों से अगले 20 वर्षों के लक्ष्यों पर विचार करने और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका तय करने को कहा.
मोदी ने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में संसाधनों का इस्तेमाल रणनीतिक हथियार के रूप में किया जा रहा है. ऐसे में भारतीय उद्योगों को उन क्षेत्रों में अपनी क्षमता विकसित करनी चाहिए, जिनकी मांग देश के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी है.
एपीआई और मिनरल के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता पर जोर
प्रधानमंत्री ने फार्मा उद्योग का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत को दुनिया की फार्मेसी कहा जाता है, लेकिन देश आज भी सक्रिय दवा सामग्री यानी एपीआई और इंटरमीडिएट्स का अरबों डॉलर का आयात करता है. उन्होंने उद्योग जगत से सवाल किया कि ऐसी कौन-सी चीजें हैं, जिन्हें भारत में ही विकसित और उत्पादित किया जा सकता है.
उन्होंने कहा कि इसी तरह कई अन्य क्षेत्रों में भी घरेलू उत्पादन और विशेषज्ञता बढ़ाने की जरूरत है. देश को खनिज क्षेत्र में भी अपनी क्षमता और विशेषज्ञता विकसित करनी होगी, ताकि आयात पर निर्भरता कम हो और भारत वैश्विक बाजार में मजबूत भूमिका निभा सके.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-




