यूसुफ पठान को वडोदरा में जमीन आवंटन पर सियासी घमासान, कांग्रेस ने बीजेपी को घेरा; कोर्ट जाने की चेतावनी

यूसुफ पठान को वडोदरा में जमीन आवंटन पर सियासी घमासान, कांग्रेस ने बीजेपी को घेरा; कोर्ट जाने की चेतावनी

प्रेषित समय :17:57:36 PM / Thu, Nov 19th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

वडोदरा. पूर्व भारतीय क्रिकेटर और तृणमूल कांग्रेस छोड़कर आए सांसद यूसुफ पठान को गुजरात के वडोदरा में जमीन आवंटित करने के फैसले ने राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है. बीजेपी शासित वडोदरा नगर निगम (VMC) की आम सभा ने कांग्रेस पार्षदों के विरोध के बावजूद राज्य सरकार के प्रस्ताव को बहुमत से मंजूरी दे दी. प्रस्ताव के तहत तंडलजा इलाके में स्थित 978 वर्ग मीटर के विवादित भूखंड का एक हिस्सा मुफ्त और शेष रियायती दर पर यूसुफ पठान को दिया जाएगा.

इस फैसले के बाद कांग्रेस ने बीजेपी पर राजनीतिक पक्षपात का आरोप लगाया है. पार्टी ने प्रस्ताव के खिलाफ अदालत जाने की चेतावनी भी दी है.

आम सभा में बीजेपी-कांग्रेस के बीच तीखी बहस

23 अक्टूबर को नगर निगम की स्थायी समिति ने इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी थी. इसके बाद जब इसे आम सभा में पेश किया गया तो कांग्रेस पार्षदों ने इसका विरोध किया. बैठक के दौरान बीजेपी और कांग्रेस के सदस्यों के बीच तीखी बहस और नारेबाजी हुई.

कांग्रेस का आरोप है कि यूसुफ पठान के एनडीए को समर्थन देने के बाद बीजेपी सरकार ने जमीन आवंटन को लेकर अपना रुख बदल लिया. हालांकि, वडोदरा की मेयर गीता मकवाना ने स्पष्ट किया कि प्रस्ताव राज्य सरकार की ओर से भेजा गया था और इसे बहुमत के आधार पर मंजूरी दी गई है.

मेयर ने नियमों के तहत आवंटन का किया बचाव

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में मेयर गीता मकवाना ने कहा कि विपक्ष के विरोध के कारण सदन में विवाद की स्थिति बनी, लेकिन राज्य सरकार से प्रस्ताव मिलने के बाद इसे बहुमत से पारित कर दिया गया.

अन्य क्रिकेटरों को भी इसी तरह जमीन देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में राज्य सरकार की ओर से ऐसा कोई प्रस्ताव आता है, तो उस पर नियमानुसार विचार किया जाएगा. मेयर ने यह भी कहा कि मौजूदा आवंटन नियमों और कानून के दायरे में किया गया है.

'आशीष पठान' टिप्पणी से बढ़ा विवाद

आम सभा में कांग्रेस पार्षद आशीष जोशी ने यूसुफ पठान के पक्ष में बीजेपी के समर्थन पर सवाल उठाए. इस दौरान उनकी एक टिप्पणी के बाद सदन में हंगामा शुरू हो गया. बीजेपी पार्षद अजय डाभी ने पलटवार करते हुए उन्हें 'आशीष पठान' कह दिया. इसके बाद सत्ताधारी दल के पार्षदों ने भी इसी नाम से नारे लगाने शुरू कर दिए.

हरनी नाव हादसे के पीड़ितों के मुआवजे का मुद्दा उठाया

कांग्रेस पार्षदों ने जमीन आवंटन के फैसले की तुलना हरनी नाव हादसे के पीड़ित परिवारों के मुआवजे से करते हुए बीजेपी को घेरा. आशीष जोशी ने सवाल उठाया कि हादसे में जान गंवाने वाले 14 लोगों, जिनमें 12 बच्चे शामिल थे, के परिवारों को 25-25 लाख रुपये मुआवजा देने का प्रस्ताव क्यों स्वीकार नहीं किया गया, जबकि यूसुफ पठान को 20 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की बताई जा रही जमीन रियायती दर पर दी जा रही है.

कांग्रेस पार्षद पुष्पा वाघेला और दीपा श्रीवास्तव ने भी इस आवंटन का विरोध किया. वहीं, निगम मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने परिसर में प्रवेश करने से रोक दिया. इस दौरान धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी.

कांग्रेस नेताओं को हिरासत, कोर्ट जाने की चेतावनी

प्रदर्शन के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष सहित कई नेताओं को हिरासत में लेकर गोत्री पुलिस स्टेशन ले जाया गया. इसके विरोध में पार्टी कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर प्रदर्शन किया.

कांग्रेस पार्षद तीर्थ ब्रह्मभट्ट पठानी पोशाक पहनकर सदन पहुंचे और उन्होंने वडोदरा की महिला क्रिकेटर राधा यादव को खेल से जुड़े विकास कार्यों के लिए जमीन देने में रियायत नहीं मिलने का मुद्दा उठाया. उन्होंने पार्षदों के कार्यालय, पत्रकारों के लिए आवासीय भूखंड और हरनी नाव हादसे के पीड़ितों को मुआवजा देने से संबंधित मांगों का ज्ञापन भी सौंपा.

वरिष्ठ कांग्रेस पार्षद चंद्रकांत श्रीवास्तव ने चेतावनी दी कि यदि जमीन आवंटन का प्रस्ताव लागू किया गया तो पार्टी इसके खिलाफ अदालत का रुख करेगी. इस फैसले ने वडोदरा की स्थानीय राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-