जबलपुर. साइबर ठगों ने रेलवे के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी को निशाना बनाते हुए उसके बैंक खाते से 10 लाख रुपये पार कर दिए. ठगों ने मोबाइल कॉल और व्हाट्सएप मैसेज के जरिए उसे गुमराह किया. पुलिस को प्रारंभिक जांच में मोबाइल हैक किए जाने की आशंका है. घमापुर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच साइबर सेल को सौंप दी है.
कॉल और व्हाट्सएप मैसेज के बाद खाते से रकम गायब
पुलिस के मुताबिक, कांचघर निवासी चंद्र सिंह राजपूत रेलवे विभाग से सेवानिवृत्त हैं. उनका बैंक ऑफ इंडिया की सिविल लाइंस शाखा में खाता है. उन्होंने गुरुवार रात पुलिस को शिकायत दी कि 18 नवंबर की शाम उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया था. कॉल पर बातचीत के बाद उसी नंबर से उनके व्हाट्सएप पर मैसेज भी आया.
इसी रात उनके मोबाइल पर बैंक खाते से दो बार में पांच-पांच लाख रुपये कटने के मैसेज पहुंचे. संदेह होने पर उन्होंने बैंक जाकर खाते का स्टेटमेंट निकलवाया. जांच में पता चला कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके खाते से कुल 10 लाख रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर लिए हैं.
रेलवे के पेंशनभोगी को निशाना बनाने का दूसरा मामला
रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारी के साथ साइबर ठगी का यह पहला मामला नहीं है. इससे पहले 9 फरवरी को अंबाला के घेलड़ी गांव निवासी शमशेर सिंह भी इसी तरह की ठगी का शिकार हुए थे. उनके बैंक खाते से भी अज्ञात ठगों ने 10 लाख रुपये निकाल लिए थे.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

