सिवनी होटल कांड: निलंबित ASP दीपक मिश्रा भोपाल मुख्यालय अटैच, पांच पुलिसकर्मियों को किया गया जबलपुर अटैच

सिवनी होटल कांड:  निलंबित ASP दीपक मिश्रा भोपाल मुख्यालय अटैच,  पांच पुलिसकर्मियों को किया गया जबलपुर अटैच

प्रेषित समय :12:07:47 PM / Fri, Nov 20th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

सिवनी. मध्य प्रदेश के सिवनी में होटल में घुसकर एक कपल को धमकाने के मामले में पुलिस विभाग ने सख्त कार्रवाई की है. गृह विभाग ने एएसपी दीपक मिश्रा और एसडीओपी चंचलेश मरकाम को निलंबित करने के बाद भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय अटैच कर दिया है. गृह विभाग की सचिव अन्नू भलावी ने 18 नवंबर को इस संबंध में आदेश जारी किए.

वहीं, जबलपुर आईजी ने भी कार्रवाई करते हुए कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी, हेड कांस्टेबल नवीन तिवारी, एएसपी के वाहन चालक आरक्षक कृष्ण परते, गनमैन सलमान खान और यातायात प्रभारी विजय बघेल को निलंबित कर रक्षित केंद्र जबलपुर अटैच किया है.

डीआईजी राकेश कुमार सिंह को सौंपी जांच

मामले की जांच छिंदवाड़ा रेंज के डीआईजी राकेश कुमार सिंह को सौंपी गई है. हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि डीआईजी राकेश कुमार सिंह पहले एएसपी दीपक मिश्रा के साथ पदस्थ रह चुके हैं. इस तथ्य के सामने आने के बाद जांच की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

15 साल से सिवनी में पदस्थ रहे दीपक मिश्रा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एएसपी दीपक मिश्रा करीब 15 साल से सिवनी जिले में अलग-अलग पदों पर सेवाएं दे चुके हैं. इस दौरान वे घंसौर और कोतवाली थाना प्रभारी के अलावा खवासा बॉर्डर पर आरटीओ तथा लखनादौन एसडीओपी के पद पर भी रह चुके हैं.

बजरंग दल और अधिवक्ताओं ने सौंपा ज्ञापन

होटल कांड को लेकर अधिवक्ताओं और बजरंग दल के प्रतिनिधियों ने 19 नवंबर को डीआईजी को पत्र सौंपा. उन्होंने मामले में अन्य पुलिसकर्मियों की संभावित संलिप्तता की भी जांच कराने की मांग की है.

एसपी को हटाने की भी मांग

दूसरी ओर, कुछ अधिवक्ताओं ने 18 नवंबर को मुख्यमंत्री, डीजीपी और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर सिवनी एसपी कृष्ण लालचंदानी को जिले से हटाने की मांग की. उन्होंने मामले में पुलिस की भूमिका की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-