रायपुर. विदेश में नौकरी और बेहतर भविष्य का सपना लेकर रूस पहुंचे छत्तीसगढ़ के दो युवकों के परिवार अब उनकी सुरक्षित वापसी के लिए परेशान हैं. परिजनों का आरोप है कि नौकरी दिलाने का झांसा देकर दोनों युवकों को रूस बुलाया गया, लेकिन वहां पहुंचने के बाद उन्हें कथित तौर पर धमकाकर रूसी सेना में शामिल होने के लिए दबाव बनाया जा रहा है. परिवारों ने विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास से हस्तक्षेप कर युवकों को वापस लाने की मांग की है.
पीड़ितों की पहचान रायपुर के गुढ़ियारी निवासी टिकेश्वर साहू और बिलासपुर जिले के बिल्हा निवासी विनीत कुमार दुबे के रूप में हुई है. दोनों ने रूस में फंसने और वहां उत्पीड़न का सामना करने की जानकारी फोन तथा वीडियो संदेशों के माध्यम से अपने परिजनों को दी है.
टेलीग्राम पर नौकरी का ऑफर, रूस पहुंचते ही बदले हालात
परिजनों के अनुसार, दोनों युवकों को टेलीग्राम के जरिए रूस में नौकरी का प्रस्ताव मिला था. एजेंटों ने हवाई टिकट, वीजा और रहने की व्यवस्था कराने का भरोसा दिलाया था. नौकरी की उम्मीद में रूस पहुंचे युवकों को कथित तौर पर वहां अलग परिस्थितियों का सामना करना पड़ा. परिवारों का कहना है कि उन्हें ड्रग्स से जुड़े झूठे मामलों में फंसाने और जेल भेजने की धमकी देकर सेना में भर्ती होने के लिए दबाव बनाया जा रहा है.
हिरासत में टिकेश्वर को दवाइयां नहीं मिलने का आरोप
रायपुर निवासी 38 वर्षीय टिकेश्वर साहू सेल्स और मार्केटिंग क्षेत्र में करीब 17 साल का अनुभव रखते हैं. उनकी पत्नी मनोरमा साहू के मुताबिक, टिकेश्वर 7 सितंबर 2026 को इंटरव्यू के लिए मास्को होते हुए वोल्गोग्राद पहुंचे थे. उनकी वापसी 23 सितंबर को निर्धारित थी, लेकिन इससे पहले ही संपर्क टूट गया.
22 अक्टूबर को टिकेश्वर ने फोन कर रोते हुए बताया कि उन्हें पुलिस ने ड्रग्स के मामले में फंसा दिया है और 15 से 20 साल की जेल की धमकी दी जा रही है. परिजनों के अनुसार, 25 अक्टूबर को एक स्थानीय वकील ने हिरासत में उनसे मुलाकात की. इस दौरान पता चला कि हाई ब्लड प्रेशर, थायराइड और साइटिका से पीड़ित टिकेश्वर को नियमित दवाएं नहीं मिल रही हैं. गिरफ्तारी से संबंधित सीसीटीवी फुटेज मांगने पर भी उपलब्ध नहीं कराए जाने का आरोप लगाया गया है.
विनीत की मौत की खबर देकर मांगे गए सात लाख रुपये
बिल्हा निवासी 21 वर्षीय विनीत कुमार दुबे एक अक्टूबर को रूस में स्टोर पर नौकरी करने पहुंचे थे. उनकी बहन आशी दुबे के मुताबिक, कुछ दिनों बाद विनीत ने वापस भारत आने की इच्छा जताई, लेकिन फिर परिवार से संपर्क टूट गया.
इसके बाद एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर विनीत के नारकोटिक्स मामले में फंसने की बात कही और वकील की व्यवस्था के नाम पर सात लाख रुपये मांगे. पैसे नहीं देने पर 27 अक्टूबर को परिवार को फोन कर विनीत की आत्महत्या की खबर दी गई. इस सूचना से उनके पिता की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें दिल का दौरा पड़ गया. हालांकि, बाद में विनीत ने स्वयं फोन कर बहन को बताया कि वह जीवित है.
वीडियो में अगवा करने और गोली मारने की धमकी का दावा
विनीत ने वीडियो संदेश के जरिए आरोप लगाया कि एयरपोर्ट से ही भारतीयों को अगवा कर दूसरे कामों में लगाया जा रहा है. उसने दावा किया कि विरोध करने पर बंदूक दिखाकर गोली मारने की धमकी दी जाती है. वीडियो के माध्यम से उसने भारत सरकार से रूस में फंसे भारतीयों को सुरक्षित निकालने की अपील की है.
दोनों परिवारों ने पुलिस, जिला प्रशासन, भारतीय दूतावास और संबंधित अधिकारियों को ईमेल भेजकर सहायता मांगी है. परिजनों की मांग है कि मामले में तत्काल राजनयिक हस्तक्षेप किया जाए और दोनों युवकों को सुरक्षित भारत वापस लाने की व्यवस्था की जाए.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

