नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्योगपतियों से टैक्स में राहत के बावजूद कर्मचारियों की तनख्वाह और नौकरियों की संख्या नहीं बढ़ाने पर सवाल उठाने के बाद कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उन पर निशाना साधा है। शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह सवाल उद्योगपतियों पर आरोप नहीं, बल्कि सरकार की नाकामी का कबूलनामा है।
'यह आरोप नहीं, आपका कबूलनामा है'
राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, 'मोदी जी, ये उन पर आरोप नहीं, आपका कबूलनामा है।' उन्होंने प्रधानमंत्री के 'भूख इतनी है कि पेट भरता ही नहीं' वाले बयान पर भी तंज कसा। राहुल ने कहा कि यह भूख किसकी है, पूरा देश जानता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि एयरपोर्ट, बंदरगाह, खदानें, जंगल, बिजली, कोयला और सड़कें कुछ चुनिंदा उद्योगपतियों को सौंप दी गईं, लेकिन इनके जरिए कितने रोजगार पैदा हुए, इसका जवाब सरकार को देना चाहिए।
छोटे कारोबारियों और MSME की अनदेखी का आरोप
राहुल गांधी ने कहा कि रोजगार के बड़े अवसर पैदा करने वाले छोटे व्यापारी और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (MSME) नोटबंदी और जीएसटी के गलत क्रियान्वयन से प्रभावित हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों ने बड़ी कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा को भी कमजोर किया है।
कांग्रेस नेता के मुताबिक, एकाधिकार से न तो रोजगार बढ़ता है और न ही प्रतिस्पर्धा कायम रहती है। इसके बजाय महंगाई बढ़ती है और छोटे कारोबार प्रभावित होते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के उद्योगपतियों से कहे गए 'आप करो, हम देख लेंगे' वाले बयान पर भी निशाना साधा।
'बचे-खुचे समर्थकों से ही तालियां और थालियां बजवा लें'
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से उद्योगपति, छोटे कारोबारी, महंगाई से परेशान गरीब और मध्यम वर्ग तथा बेरोजगार युवा निराश हैं। प्रधानमंत्री के तालियां नहीं बजने वाले बयान पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि नीतियों ने लोगों को तालियां बजाने लायक नहीं छोड़ा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपने बचे-खुचे समर्थकों से ही तालियां और थालियां बजवा लें।
फिक्की के कार्यक्रम में PM मोदी ने क्या कहा था?
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19 नवंबर को दिल्ली में फिक्की के शताब्दी समारोह को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने बताया कि 2014 में कॉरपोरेट टैक्स की दर 30 प्रतिशत थी, जिसे घटाकर 22 प्रतिशत कर दिया गया है। इसके अलावा 12 लाख रुपये तक की सालाना आय को आयकर से छूट दी गई है।
प्रधानमंत्री ने उद्योगपतियों से सवाल किया था कि सरकार की ओर से टैक्स में राहत और अन्य सुविधाएं मिलने के बावजूद कंपनियों ने कर्मचारियों की तनख्वाह और रोजगार के अवसर बढ़ाए या नहीं। उन्होंने कहा था कि सरकार से सुविधाएं मिलने के बाद भी उद्योग जगत की अपेक्षाएं खत्म नहीं होतीं। इस दौरान मोदी ने यह भी कहा था, 'अब आप लोग ताली नहीं बजाएंगे, यह मैं जानता हूं।'
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

