कंगना रनोट ने श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘ईठा’ की तारीफ की: कहा- अच्छी लग रही है फिल्म, 4 दिसंबर को सलमान की ‘मातृभूमि’ से होगी टक्कर

कंगना रनोट ने श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘ईठा’ की तारीफ की: कहा- अच्छी लग रही है फिल्म, 4 दिसंबर को सलमान की ‘मातृभूमि’ से होगी टक्कर

प्रेषित समय :18:19:32 PM / Sat, Nov 21st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनोट ने श्रद्धा कपूर की आगामी फिल्म ‘ईठा’ (Eetha) की तारीफ की है। कंगना ने फिल्म को अच्छा बताते हुए सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की। श्रद्धा कपूर की यह फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इसी दिन सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ भी पर्दे पर आएगी, जिससे बॉक्स ऑफिस पर दोनों फिल्मों के बीच मुकाबला देखने को मिल सकता है।

दरअसल, कंगना ने शनिवार को इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर की थी। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से तैयार भारत के नक्शे में अलग-अलग राज्यों के हिस्सों में देश की चर्चित हस्तियों को दर्शाया गया था। हिमाचल प्रदेश के हिस्से में कंगना का नाम शामिल था। इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने अपने बचपन से जुड़ा एक किस्सा भी साझा किया।

कंगना ने बताया कि परिवार में बड़ी बहन के बाद उनका जन्म दूसरी बेटी के रूप में हुआ था। इसी वजह से उनकी दादी उन्हें हिमाचली भाषा में ‘बाडू’ कहकर बुलाती थीं। कंगना के अनुसार, इस शब्द का अर्थ अनचाही बच्ची होता है। इसी पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने श्रद्धा कपूर की फिल्म को लेकर लिखा कि यह भी अच्छी लग रही है।

श्रद्धा कपूर निभाएंगी लावणी कलाकार विठाबाई का किरदार

फिल्म ‘ईठा’ में श्रद्धा कपूर महाराष्ट्र की प्रसिद्ध तमाशा और लावणी कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर की भूमिका निभाती नजर आएंगी। फिल्म का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया है। इसके निर्माता दिनेश विजान, लक्ष्मण उतेकर और करिश्मा शर्मा हैं। फिल्म का निर्माण मैडॉक फिल्म्स और कठपुतली क्रिएशंस के बैनर तले किया गया है।

फिल्म में श्रद्धा कपूर के साथ रणदीप हुड्डा, मोहम्मद जीशान अय्यूब, सिद्धार्थ जाधव, अनंत जोशी, अक्षरा सिंह और उल्का गुप्ता भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का संगीत अजय-अतुल ने तैयार किया है।

30 अक्टूबर को फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया गया था। इसमें श्रद्धा कपूर महाराष्ट्र की पारंपरिक नौवारी साड़ी पहनकर लावणी करती दिखाई दीं। ट्रेलर में उनके मंचीय प्रदर्शन के साथ विठाबाई के जीवन के संघर्ष, निजी जिंदगी और कलाकार के रूप में उनके सफर को भी दिखाया गया है।

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-