पटियाला में चुनावी रंजिश का आरोप: AAP-BJP कार्यकर्ताओं के विवाद में चाकूबाजी, 4 और 6 साल के बच्चे समेत परिवार के सदस्य घायल

पटियाला में चुनावी रंजिश का आरोप: AAP-BJP कार्यकर्ताओं के विवाद में चाकूबाजी, 4 और 6 साल के बच्चे समेत परिवार के सदस्य घायल

प्रेषित समय :20:26:30 PM / Sat, Nov 21st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

पटियाला। पंजाब के पटियाला में नगर निगम चुनाव के बीच राजनीतिक विवाद को लेकर मारपीट और चाकूबाजी की घटना सामने आई है। वार्ड नंबर-1 में आम आदमी पार्टी (AAP) और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद के दौरान चाकू से हमला किए जाने का आरोप है। घटना में एक परिवार के सदस्यों के साथ 4 और 6 साल के दो मासूम बच्चे भी घायल हो गए। सभी घायलों का सरकारी राजिंदरा अस्पताल में उपचार चल रहा है।

घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ता अजय कुमार ने इसे राजनीतिक रंजिश का मामला बताया है। उनका आरोप है कि वार्ड में भाजपा उम्मीदवार का समर्थन करने के कारण आम आदमी पार्टी से जुड़े कार्यकर्ता ने उनके परिवार पर हमला किया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था और मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हो सकता है।

बातचीत के बहाने बुलाकर चाकू से हमला करने का आरोप

अजय कुमार के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले उनका भाई घर की छत पर टहल रहा था। इसी दौरान मनोज कुमार ने उसे बातचीत के बहाने बुलाया। आरोप है कि इसके बाद मनोज ने चाकू से हमला करना शुरू कर दिया। हमले के दौरान खुद को बचाने की कोशिश में परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हो गए, जिनमें चार और छह साल के बच्चे शामिल हैं।

घायल परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर भी नाराजगी जताई है। अजय कुमार का आरोप है कि पुलिस आरोपी को अपने साथ ले गई थी, लेकिन बाद में बिना प्रभावी कार्रवाई किए उसे छोड़ दिया गया। परिवार ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस बोली- दोनों पक्षों के बीच पहले भी हो चुका है विवाद

मॉडल टाउन चौकी प्रभारी गुरमीत सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हो चुका है। करीब एक महीने पहले हुई लड़ाई के बाद दोनों पक्षों ने आपसी समझौता कर लिया था। बीती रात फिर पड़ोसियों के बीच बहस हुई, जो बाद में झगड़े में बदल गई।

पुलिस के अनुसार, घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। बयान और जांच के आधार पर मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

भाजपा नेता अस्पताल पहुंचीं, आरोपी की गिरफ्तारी की मांग

घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष जयइंद्र कौर घायलों का हाल जानने सरकारी राजिंदरा अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने सत्ताधारी दल पर चुनाव के दौरान कथित धक्केशाही के आरोप लगाए।

जयइंद्र कौर ने कहा कि राजनीतिक विवाद में छोटे बच्चों का घायल होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ उचित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने की मांग की। घटना के बाद इलाके में राजनीतिक तनाव और चुनावी माहौल को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-